
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
महेश सेवा संस्थान का 30वां स्थापना दिवस एवं शिक्षक सम्मान समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले 30 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ संस्कार, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और तकनीकी दक्षता के समन्वय पर जोर दिया गया।
समारोह में उप महानिरीक्षक जेल, उदयपुर सुमन मालीवाल, आरएएस रमेश बहेड़िया, व्यवसायी एवं समाजसेवी निरंजन लाल राठी तथा महेश सेवा समिति उदयपुर के अध्यक्ष देवेंद्र मालीवाल सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सुमन मालीवाल ने महेश पब्लिक स्कूल को कक्षा 10 तक क्रमोन्नत करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षण पद्धति में नवीन तकनीकों का समावेश जरूरी है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
आरएएस रमेश बहेड़िया ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसके साथ संस्कार भी जुड़े हों। विद्यालय विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निरंजन लाल राठी ने समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के किसी भी स्तर पर आर्थिक कठिनाई आने पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम संयोजक गोविंदलाल लावटी ने महेश पब्लिक स्कूल की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। संस्थान अध्यक्ष राजेश राठी ने संस्था की 30 वर्ष की यात्रा, सामाजिक सरोकारों और शिक्षा संबंधी उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक दिवस कार्यक्रम के लिए मुंबई के अनिल राठी ने स्व. पुरुषोत्तम राठी एवं स्व. जानकी राठी की स्मृति में सहयोग प्रदान किया है।
समारोह में 30 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपरना ओढ़ाकर श्रीफल, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिव स्तुति, राजस्थानी गीत एवं काव्य प्रस्तुतियों ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भी बिखेरा।
मंच पर उपाध्यक्ष जितेंद्र ईनाणी, लक्ष्मीकान्त मूंदड़ा एवं सचिव ललित प्रसाद माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अनिल दाखेड़ा, रामबाबू खटोड़ा, ओमप्रकाश भदादा, बालकिशन जागेटिया, संरक्षक सदस्य बसंत काबरा, प्रकाश देवपुरा सहित अनेक समाजजन एवं संस्था सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सरोज सोड़ाणी एवं कविता बल्दवा ने किया। अंत में सचिव ललित प्रसाद माहेश्वरी ने अतिथियों, सदस्यों एवं विद्यालय स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट/फोटो: यौवन्तराज माहेश्वरी


