
जयपुर | शाबाश इंडिया।
सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट, सांगानेर, जयपुर में सोमवार, 14 सितंबर 2026 को हिंदी दिवस ‘हिंदी उत्सव’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों की आकर्षक मंच प्रस्तुतियों के साथ हुई। ‘शब्दांकुर’ में विद्यार्थियों ने नए शब्दों से परिचय कराया, वहीं ‘विचार-बिंदु’ में सुविचार प्रस्तुत किए गए। ‘दोहा-गुंजन’ और ‘काव्य-गुंजन’ में विद्यार्थियों ने दोहा एवं कविता पाठ किया। ‘भाषा-प्रण’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की शपथ ली। ‘समाचार-सरिता’, ‘भाव-प्रकाश’ में भाषण तथा ‘कथा-प्रवाह’ में ‘हिंदी की चिट्ठी’ लघुकथा की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। राष्ट्रगान के साथ प्रार्थना सभा का समापन हुआ।
कार्यक्रम के दूसरे चरण ‘सृजन-उत्सव’ में कक्षावार विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। नर्सरी के बच्चों ने ‘स्वर परेड’ में स्वरों को चित्रों के साथ बोलकर प्रस्तुत किया। के.जी. में ‘कहानी पूरी करो’ गतिविधि के तहत बच्चों ने अपनी कल्पना से अधूरी कहानी को पूरा किया। प्रेप कक्षा में कविता वाचन के दौरान बच्चों ने हिंदी कविताओं का सस्वर पाठ किया।
कक्षा 1 में ‘हिंदी का पिटारा’ गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने वस्तुएं निकालकर उनके नाम बताए। कक्षा 2 में ‘घूमता हिंदी चक्र’ के जरिए आए हुए अक्षर से नए शब्द बनाए गए। कक्षा 3 में ‘कुल-वृक्ष’ गतिविधि के तहत परिवार के सदस्यों के नाम लिखकर पेड़ तैयार किया गया। कक्षा 4 में ‘अक्षर-यात्रा’ में वर्णों से नए शब्द बनाकर गतिविधि पूरी की गई। कक्षा 5 में ‘शब्द-संसार’ के अंतर्गत विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा पर आकर्षक नारे लिखे।
कक्षा 6 में ‘शब्द-शुभकामना’ के तहत विद्यार्थियों ने सुंदर वंदन कार्ड तैयार किए। कक्षा 7 में ‘साहित्य-स्मृति’ गतिविधि में साहित्यकारों के विचारों से प्रेरित बुकमार्क बनाए गए। कक्षा 8 में ‘वर्ण-कैनवास’ के अंतर्गत हिंदी वर्णों पर आधारित पोस्टर तैयार किए गए। कक्षा 9 में ‘#हिंदी_हमारी_शान’ विषय पर भाव-अभिव्यक्ति लेखन किया गया। वहीं कक्षा 10 में ‘भाषा-बोध एवं अक्षर-संकल्प’ के तहत हिंदी के सम्मान में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती आशी श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह हिंदी उत्सव विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, आत्मीयता और गर्व की भावना जागृत करने में सफल रहा। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।


