
नई दिल्ली | शाबाश इंडिया।
पुराना लैपटॉप या डेस्कटॉप स्लो हो गया है तो अब तुरंत नया कंप्यूटर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ सकती। रिलायंस जियो का JioPC पुराने कंप्यूटर को क्लाउड की ताकत से अधिक सक्षम बनाने का दावा करता है। इसके जरिए यूजर्स अपने मौजूदा लैपटॉप या डेस्कटॉप पर 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज का एक्सेस ले सकेंगे, वह भी बिना नया हार्डवेयर खरीदे।
JioPC की सर्विस अब स्टैंडअलोन सब्सक्रिप्शन के तौर पर सभी इंटरनेट यूजर्स के लिए उपलब्ध है। यानी इंटरनेट कनेक्शन किसी भी टेलीकॉम या ब्रॉडबैंड कंपनी का हो, यूजर JioPC का इस्तेमाल कर सकता है। कंपनी के मुताबिक, इसे पांच मिनट से भी कम समय में एक्टिव किया जा सकता है। इसके लिए डेटा माइग्रेशन या नया हार्डवेयर लगाने की जरूरत नहीं होगी। इससे पहले JioPC की सुविधा केवल Jio Home Broadband ग्राहकों तक सीमित थी।
जियो के मुताबिक, JioPC पुराने कंप्यूटर को इतना सक्षम बना सकता है कि AI से जुड़ी भारी प्रोसेसिंग और स्टोरेज की जरूरतों को भी पूरा किया जा सके। इसमें कंप्यूटिंग का बड़ा हिस्सा क्लाउड पर होगा। कंपनी का दावा है कि करीब 8 साल पुराना कंप्यूटर भी आज के AI-पावर्ड ऐप्स के लिए जरूरी परफॉर्मेंस, स्टोरेज और क्षमताएं हासिल कर सकता है।
JioPC के प्लान ₹1,000 से शुरू होते हैं। 8GB RAM और 500GB स्टोरेज वाला दो महीने का प्लान ₹1,000 में उपलब्ध होगा, जबकि 16GB RAM और 1TB स्टोरेज वाला JioPC Ultra दो महीने के लिए ₹1,200 में मिलेगा। पांच महीने के प्लान की कीमत क्रमशः ₹2,000 और ₹2,500 है। वहीं 12 महीने यानी 10+2 महीने के प्लान के लिए यूजर्स को क्रमशः ₹4,000 और ₹5,000 चुकाने होंगे। सभी कीमतों में GST शामिल है।
JioPC क्लाउड आधारित सेवा है, इसलिए इसके सुचारू संचालन के लिए अच्छा और स्थिर इंटरनेट कनेक्शन जरूरी होगा। ब्रॉडबैंड के अलावा भरोसेमंद 4G या 5G कनेक्शन के जरिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।


