
जयपुर | शाबाश इंडिया।
मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 77 में भारतीय जनता पार्टी के नए चुनाव/मंडल कार्यालय के उद्घाटन समारोह के दौरान जयपुर शहर महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं लायंस क्लब की पूर्व गवर्नर अंजना जैन ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कालीचरण सराफ की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में शिप्रा बैद, आशीष बैद तथा अक्षय जैन ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा।
विधायक कालीचरण सराफ ने सभी नए सदस्यों को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल कराया तथा उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के हर वर्ग के विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ पदों पर रहे नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख चेहरों का भाजपा में शामिल होना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। अंजना जैन, शिप्रा बैद, आशीष बैद एवं अक्षय जैन के भाजपा से जुड़ने से जयपुर शहर एवं मालवीय नगर क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अंजना जैन ने कहा कि वे कांग्रेस की नीतियों और आंतरिक कलह से क्षुब्ध थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है।
पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों ने कहा कि वे अपने सामाजिक अनुभवों का उपयोग भाजपा के जनकल्याणकारी विजन तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन-जन तक पहुंचाने के लिए करेंगे।
समारोह के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भाजपा के नए कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि अंजना जैन पूर्व में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी का दायित्व भी संभाल चुकी हैं।


