
जयपुर | शाबाश इंडिया।
आचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के सानिध्य में 25 अक्टूबर को नई दिल्ली के लाल मंदिर में होने वाली दीक्षा के दीक्षार्थियों की भव्य गोद भराई का मंगल कार्यक्रम श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, इंजीनियर्स कॉलोनी में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समाज के गणमान्यजन कमल चंद छाबड़ा, अनिल बोहरा, प्रकाश सेठी, सुमित छाबड़ा, मीना जैन, रेणु पाटनी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने दीक्षार्थियों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं वात्सल्य भाव प्रकट करते हुए उनके संयम मार्ग की मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
संघस्थ ब्रह्मचारी अक्षय भैया ने बताया कि दीक्षार्थी अंकुर भैया, अंकित भैया, यश भैया, प्रसन्न भैया एवं वकील चंद भैया की दीक्षा 25 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित लाल मंदिर में पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के करकमलों से संपन्न होगी।
गोद भराई के इस मंगल अवसर पर उपस्थित समाजबंधुओं ने दीक्षार्थियों के त्याग, तप एवं संयम के संकल्प की सराहना करते हुए उनके दीक्षा जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिभाव एवं आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत रहा।


