Monday, August 31, 2026

गोलोक धाम गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित होगा — आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज

जयपुर | शाबाश इंडिया।

परम पूज्य भगवान महावीर तपोभूमि उज्जैन के प्रणेता आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से निमोडिया, चाकसू स्थित नवनिर्मित गोलोक धाम को गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। आचार्य श्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक गौशाला नहीं, बल्कि गोवंश के पूरे जीवन चक्र और उसके महत्व को समाज तक पहुंचाने का प्रयास है। इसे आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें जैविक खेती, गोबर से खाद निर्माण, गोमूत्र आधारित उत्पाद एवं दुग्ध उत्पादन से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि 29 अगस्त को प्रातः 10 बजे जैन पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया जयपुर के नेतृत्व में गोलोक धाम, निमोडिया पहुंचा और परम पूज्य आचार्य श्री के दर्शन कर श्रीफल अर्पित किया। इस अवसर पर श्रमण संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेते हुए रक्षा सूत्र भी बंधवाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने गोलोक धाम स्थित गौशाला एवं संपूर्ण परिसर का अवलोकन किया तथा गायों को चारा खिलाया। परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने गोलोक धाम सेवा समिति के कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि गोलोक धाम सड़क पर भटकने वाली, बीमार एवं बेसहारा गायों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल है। जैन समाज एवं विभिन्न संस्थाओं को ऐसे परोपकारी कार्यों में सहयोग कर गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देना चाहिए।

जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन ने कहा कि ऐसे सुंदर एवं सेवा-समर्पित स्थान के दर्शन एवं अवलोकन का अवसर मिलना सभी के लिए पुण्य का विषय है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पूज्य आचार्य श्री के सान्निध्य में पूजा एवं हवन में शामिल होने के साथ ब्रह्मचारी दर्शन जी की गोद भराई रस्म में भी शामिल होने का अवसर मिला। ब्रह्मचारी दर्शन जी आगामी 1 नवंबर 2026 को तुमकुर, कर्नाटक में आचार्य श्री प्रमुख सागर जी महाराज से जिन दीक्षा ग्रहण करने जा रहे हैं।

इस अवसर पर गोलोक धाम सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जैन निमोडिया, छोटा गिरनार, बापूगांव के अध्यक्ष प्रकाश चंद बाकलीवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थित पत्रकारों तथा एक दिन के चातुर्मास पुण्यार्जक समाज श्रेष्ठी चेतन जैन केकड़ी परिवार का तिलक, माला, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर सम्मान किया।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन, बलवंत राज मेहता, ज्ञानचंद पाटनी, सुरेंद्र कुमार जैन बड़जात्या, अरुण जैन, शुभम जैन, अनीष जैन, नीलम जैन दिल्ली, अनीता बड़जात्या जयपुर सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि पूज्य आचार्य श्री के सान्निध्य में आगामी नवंबर माह में पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। साथ ही 30 सितंबर को रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के लिए भी आचार्य श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया गया। उपस्थित सभी पत्रकारों ने रायपुर राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति व्यक्त की तथा देशभर के जैन पत्रकारों से सम्मेलन में पहुंचने का आग्रह किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar