सैनिकों को मिठाई खिलाकर दीर्घायु की कामना, देशसेवा के जज्बे को किया सलाम

जयपुर | शाबाश इंडिया।
देश की सेवा के प्रति समर्पित और अपने परिवारों से दूर रहने वाले सैनिकों के साथ रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप विराट एवं लायंस क्लब जयपुर सेंट्रल स्पाइन की सदस्याओं ने सैनिकों को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के फाउंडर बसंत जैन ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच रक्षा सूत्र बांधने का पवित्र पर्व है। कई सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं और उनकी बहनें इस अवसर पर उनके पास नहीं पहुंच पातीं। ऐसे में सैनिकों को परिवार जैसा अपनापन देने और उन्हें रक्षाबंधन पर बहनों की कमी महसूस न हो, इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य आयोजक लायन एवं लियो क्लब जयपुर सेंट्रल स्पाइन के बसंत जलेवा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विराट ग्रुप की निर्मला जैन, अंजना जैन, कोमल जैन, नीरू सिद्धा, प्रकृति फाउंडेशन की प्रियंका गोयल, पक्की भायली की लता तिवाड़ी, लायंस क्लब की योगिता जलेवा, संयोगिता मानक, अर्चना जैन, सोनिया अग्रवाल, एनी बंसल एवं शांता श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्याओं ने सैनिकों की कलाई पर राखी बांधी।
इस दौरान सदस्याओं ने सैनिकों को मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की सुरक्षा के लिए उनके समर्पण और सेवाभाव को नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने मिलिट्री अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के साथ रक्षाबंधन मनाने का यह अनुभव उनके जीवन का बेहद भावुक एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा। कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को भाईचारे, देशप्रेम और सामाजिक सरोकार की भावना से जोड़ते हुए एक अनूठा संदेश दिया।


