
जयपुर | शाबाश इंडिया। नवकार ग्रुप के 110 सदस्यों की एक दिवसीय धार्मिक यात्रा रविवार, 23 अगस्त को सीकर एवं रेवासा के लिए आयोजित की गई। अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल ने बताया कि प्रातः 7 बजे दो बसों एवं दो निजी कारों से सदस्य भंडारी हॉस्पिटल के बाहर से यात्रा के लिए रवाना हुए।
यात्रा के दौरान सीकर पहुंचकर सभी सदस्यों ने आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से सुबह के भोजन का आनंद लिया। भोजन की व्यवस्था श्री महावीर जी बाकलीवाल ने अपने दामाद डॉ. विनोद कुमार के सहयोग से कराई।
दोपहर करीब 2:30 बजे दल रेवासा पहुंचा, जहां चाय-नाश्ते के बाद महिलाओं ने फिल्मी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही हाऊजी सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। रेवासा में नाश्ते एवं चूरमा-दाल-बाटी की व्यवस्था श्री सुरेश जैन बांदीकुई एवं श्री राजेन्द्र कुमार बाकलीवाल द्वारा की गई।
इस अवसर पर श्री कैलाश सेठी द्वारा सीकर एवं रेवासा में दान-पुण्य, भोजन एवं आहार दान के लिए राशि प्रदान की गई।
रात्रि में जयपुर लौटते समय बस में भी सदस्यों का उत्साह देखते ही बना। श्री दिनेश कुमार एडवोकेट, प्रेमलता सेठी, ममता जैन, अलका जैन, पिंकी जैन सहित अन्य सदस्यों ने नृत्य किया तथा अंताक्षरी खेलकर यात्रा को मनोरंजक बना दिया।
सभी सदस्यों ने यात्रा की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की सराहना करते हुए इसे आनंददायक एवं यादगार बताया। अंत में अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल एवं सचिव विजय कुमार पांड्या ने यात्रा में शामिल सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


