
गंगापुर सिटी | शाबाश इंडिया।
वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, गंगापुर सिटी द्वारा यूनियन कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में भारतीय रेल से सेवानिवृत्त हो रहे यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष कामरेड नरेंद्र जैन तथा मुख्य कर्षण क्रू नियंत्रक एवं मंडल सह सचिव कामरेड श्री प्रकाश शर्मा का आत्मीय एवं भव्य सम्मान किया गया।
समारोह में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, यूनियन पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कामरेड नरेंद्र जैन ने लगभग 39 वर्ष 2 माह की रेल सेवा के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने रेल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया। वर्ष 1990 से उन्होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों की आवाज बुलंद करते हुए अनेक कर्मचारी हित एवं जनहित आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।
वक्ताओं ने कामरेड श्री प्रकाश शर्मा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्य कर्षण क्रू नियंत्रक के रूप में पूरे सेवा काल में जिम्मेदारी, दक्षता एवं समर्पण के साथ कार्य किया। उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यवहार ने उन्हें कर्मचारियों के बीच विशेष सम्मान दिलाया। रेलवे की सुरक्षित एवं सुचारु संचालन व्यवस्था में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने दोनों वरिष्ठ साथियों के साथ जुड़े संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली, संघर्षशीलता, नेतृत्व क्षमता एवं मानवीय संवेदनाएं नई पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की सार्थक शुरुआत है।
इस अवसर पर यूनियन के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त पदाधिकारी पी.एन. सारस्वत, इमामुद्दीन खान, दलजीत राजावत, श्यामलाल गुर्जर, कौशल किशोर, गजानंद शर्मा, हरिप्रसाद मीणा, राजूलाल गुर्जर, रघुराज सिंह, नदीम खान, धनश्याम मीणा, शरीफ, बाबूलाल योगी, पुखराज, सुरेश गुर्जर, हरिमोहन गुर्जर, कैलाश जोगी, विकास चतुर्वेदी, सुमेर जैन सोनी, सुभाष जैन सोगानी, अरविंद उपाध्याय, मनमोहन शर्मा, योगेंद्र शर्मा एवं सोमेन्द्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों सम्मानित साथियों के स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
अपने संबोधन में कामरेड नरेंद्र जैन ने रेल सेवा के दौरान मिले सहयोग के लिए अधिकारियों, सहकर्मियों, यूनियन पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। वहीं कामरेड श्री प्रकाश शर्मा ने भी सभी साथियों के स्नेह एवं सम्मान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि रेल परिवार के साथ बिताए गए वर्षों की स्मृतियां उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित साथियों ने दोनों सम्मानित पदाधिकारियों के साथ सामूहिक छायाचित्र खिंचवाए तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।


