
जयपुर | शाबाश इंडिया।
राज्य सरकार के ‘हरियालो राजस्थान’ एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत महावीर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन एवं कोऑर्डिनेटर श्रीमती निकिता कुंभट के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संतुलन तथा सतत विकास में उनकी भूमिका की जानकारी भी दी गई।
प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास हुआ। विद्यालय परिवार ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर हरित एवं स्वच्छ राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।


