Sunday, July 26, 2026

सुबोध पब्लिक स्कूल में ‘रिमझिम रंग’ की धूम, नन्हें कलाकारों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

जयपुर | शाबाश इंडिया।

सुबोध पब्लिक स्कूल, सांगानेर कैंपस में फाउंडेशन क्लासेज द्वारा मानसून थीम पर आधारित भव्य कार्यक्रम “रिमझिम रंग – मानसून मैजिक” का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर ग्रेटर नगर निगम की उपायुक्त सुश्री ममता नागर रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विद्यालय की कन्वीनर वीना जामड़ एवं प्रधानाचार्या आशी श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने पावर योग, मानसून आधारित गीत, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों तथा वॉटर साइकिल पर आधारित प्रभावशाली नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्री-प्राइमरी के बच्चों का रैंप वॉक विशेष आकर्षण रहा, जिसमें उन्होंने “किताबें हमारी सबसे अच्छी दोस्त हैं” का प्रेरक संदेश देकर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय की कन्वीनर वीना जामड़ ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अच्छा इंसान बनाने, नैतिक मूल्यों का विकास करने तथा बिना किसी भेदभाव के उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि सुश्री ममता नागर ने कहा कि “रिमझिम रंग” ने उन्हें बचपन की सुनहरी यादों से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल की मजबूत नींव रखने का स्थान है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उच्च नैतिक एवं मानवीय मूल्यों से भी जोड़ने का आग्रह किया।

प्रधानाचार्या आशी श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि का ग्रीन गोल्ड भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

रंगों, उमंग और उत्साह से सराबोर इस आयोजन का अभिभावकों ने भी भरपूर आनंद लिया। सेल्फी कॉर्नर पर बच्चों के साथ यादगार पल कैमरे में कैद किए गए। कार्यक्रम ने सभी के मन पर अपनी विशेष छाप छोड़ी।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar