
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर जिला द्वारा “Transformative Tuesdays” अभियान के अंतर्गत राजवंश पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बरकत नगर में नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना था।
विद्यालय की निदेशक सीता चौहान ने बताया कि शिविर में डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जयपुर जिला की सुश्री हरिना टुटेजा ने विद्यार्थियों को “Say No to Drugs, Say Yes to Your Dreams” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि नशा कोई स्टाइल नहीं, बल्कि जीवन और भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने मन, शरीर एवं भविष्य की रक्षा करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
विद्यालय के सचिव अनिमेष चौहान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान बच्चों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य नवल जैन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक जितेन्द्र शर्मा एवं विद्यालय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।


