
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर। बापू नगर स्थित पंडित टोडरमल स्मारक भवन के पंचतीर्थ जिनालय में रविवार को भगवान नेमीनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। गिरनार सिद्धक्षेत्र की रचना पर स्थित भगवान नेमीनाथ की भव्य खड्गासन प्रतिमा के समक्ष सीमंधर जिनालय ग्रुप के सदस्यों ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हीराचंद बैद के सानिध्य में भगवान नेमीनाथ के जलाभिषेक से हुआ। इस अवसर पर मुकेश जैन, कैलाश बक्शी, अश्विनी कुमार, मयंक बैद सहित अनेक श्रद्धालुओं ने अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से निर्वाण कांड भाषा का पाठ किया तथा मोक्ष कल्याणक के अर्घ्य अर्पित किए। मयंक बैद के निर्देशन में भगवान नेमीनाथ को निर्वाण श्रीफल अर्पित किया गया। इस दौरान भगवान नेमीनाथ के जयघोषों से पूरा जिनालय भक्तिमय वातावरण में गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य से भगवान की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर आभा बज, रूपा बड़जात्या, सुलेखा जैन, कमलेश बाकलीवाल, रेखा संघी, मीनू टोंग्या, सरला संघी, निशा जैन, राजेश बक्शी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को भगवान नेमीनाथ के महामंगलकारी मोक्ष कल्याणक महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए धर्म एवं आध्यात्मिक साधना के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


