राजाखेड़ा। शाबाश इंडिया

पीड़ित मानवता की सेवा को परम धर्म मानते हुए श्री बाबूलाल जैन सेवा संस्थान ट्रस्ट की ओर से स्व. श्री बाबूलाल जैन की स्मृति में 31वें निःशुल्क चिकित्सा, नेत्र एवं दंत ऑपरेशन शिविर का आयोजन कुन्द कुन्द दिगम्बर जैन विद्यालय, राजाखेड़ा (धौलपुर) में किया गया। शिविर के साथ ही साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय का भी शुभारंभ हुआ।
संस्था के ट्रस्टी, अंतरराष्ट्रीय कवि एवं मध्यप्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त महानिदेशक पवन जैन आईपीएस ने बताया कि खराब मौसम और भारी वर्षा के बावजूद शिविर में 275 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इनमें से 24 मरीजों को नेत्र ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के उद्घाटन सत्र में मुरैना के वरिष्ठ दंत चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि राजाखेड़ा के वे लोग प्रशंसनीय हैं, जो पीड़ित मानवता की सेवा के लिए दशकों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। धौलपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी. डी. जिंदल ने भी ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा की प्रेरणादायी मिसाल बताया।
ट्रस्ट के ट्रस्टी पवन जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने सेवा भावना को व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन का वास्तविक अर्थ दूसरों के दुख को कम करने में है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट पिछले 26 वर्षों से निरंतर विभिन्न चिकित्सा एवं सेवा शिविरों के माध्यम से पीड़ित मानवता की सेवा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि नेत्र चिकित्सा शिविर के साथ पोलियो शिविर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को भी शामिल किया गया है। अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय प्रारंभ किया गया है। इसमें ग्वालियर, भोपाल, जयपुर और आगरा के विशेषज्ञ चिकित्सक प्रत्येक सप्ताह राजाखेड़ा पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा परामर्श प्रदान करेंगे।
ट्रस्टी एवं उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक देवेंद्र जैन ने ट्रस्ट द्वारा मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित विशेषज्ञ सेवाओं से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर आगरा के डॉ. प्रांजल गुप्ता, स्त्री एवं महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. निकिता गुप्ता, समाजसेवी विनोद पूर्णावत, व्यवसायी आर. के. गुप्ता, एडवोकेट अश्वनी जैन, देश दीपक गुप्ता, अनूप गुप्ता, हिमांशु गुप्ता एवं लकी जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय का शुभारंभ
शिविर के साथ विद्यालय परिसर में ट्रस्ट के साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय का उद्घाटन किया गया। पवन जैन ने बताया कि इस चिकित्सालय में प्रत्येक सप्ताह दो विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं निःशुल्क प्रदान करेंगे। महीने में चार दिन यह सुविधा ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी।
अब माह में दो बार होगा नेत्र चिकित्सा शिविर
पवन जैन ने बताया कि नेत्र रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब माह में दो बार नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। मरीजों की संख्या बढ़ने पर शिविरों की संख्या में भी वृद्धि की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में अनेक समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर सेवा कार्यों की सराहना की।


