जयपुर। शाबाश इंडिया।

मुनिसंघ वैय्यावृत्ति महिला समूह द्वारा मंगलवार को गायत्री नगर जैन मंदिर परिसर में वार्षिक लहरिया उत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह ने मंगलाचरण के साथ किया। इसके बाद अतिथियों अनीता बडजात्या, सुशीला काला, कमला बिलाला, हेमलता जैन, मैना देवी सोगानी, अंजू जैन, अमिता जैन, संगीता जैन, सुनीला झांझरी, लीला सोगानी, चंद्रकांता जैन, निशा जैन, संगीता अजमेरा एवं नेहा कटारिया ने भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
सभी अतिथियों का स्वागत महिला समूह की संयोजिकाओं द्वारा तिलक, माला, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर किया गया।
लहरिया उत्सव के दौरान महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर नृत्य प्रस्तुतियां, वर्तमान सामाजिक समस्याओं पर आधारित शिक्षाप्रद नाटक, हास्य नाटिका, हाउजी एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। स्थानीय महिलाओं द्वारा प्रस्तुत लहरिया से जुड़े लोकगीतों को उपस्थित सभी महिलाओं ने खूब सराहा।
मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह ने महिला समूह की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए नई महिलाओं से समूह से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समूह के माध्यम से मानव सेवा, गुरु सेवा, जीवदया एवं धार्मिक-सामाजिक कार्यों में सहभागिता कर पुण्य अर्जित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने नई सदस्यों को सेवा कार्यों से जुड़ने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में संयोजिका लता सोगानी एवं संगीता छाबड़ा ने सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


