
27 नवंबर को मुनिश्री के सान्निध्य में होगा नवग्रह विधान
आगरा (शाबाश इंडिया)।
न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में गुरुवार को मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। मुनिसंघ का विहार प्रातः श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर से प्रारंभ हुआ। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच मुनिश्री की अगवानी की।
प्रातः 7:30 बजे मुनिसंघ के श्री सर्वतोभद्र जिनालय पहुंचने पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने पाद प्रक्षालन कर उनका मंगल स्वागत किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद पुण्यार्जक पंकज जैन, सुरेश पांड्या, मनोज छांट, राजेंद्र वकील एवं राजेंद्र कपड़ा ने श्रीजी की शांतिधारा की।
प्रवचन सभा का शुभारंभ वीरेंद्र जैन शास्त्री ने मंगलाचरण के साथ किया। वहीं, आहारचर्या का सौभाग्य राजीव जैन, रजत जैन एवं मुकेश जैन कैंटीन को प्राप्त हुआ।
मंगल प्रवचन सभा में मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार को भी प्रभावित करता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने होटल के भोजन और बाहर के खानपान से परहेज करते हुए घर के शुद्ध एवं सात्विक भोजन को अपनाने पर जोर दिया। मुनिश्री ने कहा कि व्यक्ति को अपने खानपान और दिनचर्या में संयम रखते हुए धर्ममय जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के प्रवचन सुनकर धर्मलाभ प्राप्त किया और उनका मंगल आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में जैन समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, ट्रस्ट पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि 27 नवंबर को श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में नवग्रह विधान का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
रिपोर्ट : शुभम जैन


