Friday, November 27, 2026

झंकार-2026: तर्कों की गूंज, विचारों की उड़ान और नृत्य की थिरकन से सजा तीसरा दिन

वाद-विवाद, आशुभाषण एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा; विभिन्न स्पर्धाओं में विजेताओं को मिले स्थान

ब्यावर (शाबाश इंडिया)। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय, ब्यावर में आयोजित सामाजिक एवं सांस्कृतिक सप्ताह ‘झंकार-2026’ के तीसरे दिन वाद-विवाद, आशुभाषण एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता: ‘भाग्य या पुरुषार्थ’

वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘भाग्य या पुरुषार्थ’ रखा गया। इसमें छात्राओं ने भाग्य एवं पुरुषार्थ के महत्त्व पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए विभिन्न तर्क दिए। प्रतिभागियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से यह स्पष्ट करने का प्रयास किया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम, लगन एवं दृढ़ संकल्प की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रतियोगिता में सुनील शास्त्री एवं मीना रांका ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इसमें मानवी तिवारी ने प्रथम, मुस्कान खान ने द्वितीय तथा कशिश चंदनानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

आशुभाषण प्रतियोगिता: तत्काल अभिव्यक्ति का प्रदर्शन

आशुभाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिए गए विषयों पर तत्काल अपने विचार प्रस्तुत करते हुए वाकपटुता, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कोमल चौहान ने प्रथम, सोनिया शर्मा ने द्वितीय तथा मूमल कंवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अजयरानी माहेश्वरी एवं विनय डोसी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

समूह नृत्य: तालमेल और आकर्षक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समूह नृत्य प्रतियोगिता में छात्राओं ने शास्त्रीय, लोक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संगीत की मधुर धुनों, लयबद्ध गतियों, आकर्षक भाव-भंगिमाओं एवं समूह के शानदार तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में स्वाति राठी एवं मीनाक्षी बजाज ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इसमें जहान्वी एवं समूह ने प्रथम, योगिता एवं समूह ने द्वितीय तथा दीक्षिता एवं समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि छात्राओं में तार्किक चिंतन, प्रभावशाली संवाद एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास शिक्षा का महत्त्वपूर्ण उद्देश्य है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, विचारों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने तथा मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य छात्राओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम बनाना है। सांस्कृतिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की योग्यता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

झंकार-2026 के तीसरे दिन आयोजित इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। इन गतिविधियों ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने एवं अपनी क्षमताओं को नए आयाम देने का अवसर प्रदान किया।

अमित गोधा

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar