
जयपुर शिक्षा महोत्सव में राजस्थानी लोकसंस्कृति और गुलाबी नगरी के गौरवशाली इतिहास की दिखी झलक
जयपुर (शाबाश इंडिया)।
जयपुर शिक्षा महोत्सव ‘जयपुर @ 300’ के मंच पर सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट, सांगानेर के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने राजस्थान के प्रसिद्ध लोकनृत्य कालबेलिया को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। काले रंग की पारंपरिक घाघरा-चोली में सजे विद्यार्थियों ने संगीत की धुन पर आकर्षक अंदाज में घूम-घूमकर नृत्य किया तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों के भावपूर्ण अभिनय, शानदार तालमेल और आत्मविश्वास ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नृत्य प्रस्तुति के साथ ही विद्यालय के संगीत विभाग ने इस विशेष अवसर के लिए एक मौलिक गीत भी तैयार किया था। जयपुर के 300 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रचित इस गीत को विद्यार्थियों ने कालबेलिया नृत्य के बाद प्रस्तुत किया। गीत में जयपुर की स्थापना, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की झलक दिखाई दी।
यह संपूर्ण प्रस्तुति प्रधानाचार्या श्रीमती आशी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में तैयार की गई। उनके सुझावों और प्रेरणा से विद्यार्थियों ने ऊर्जावान एवं यादगार प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।


