Thursday, November 26, 2026

सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन पर निकली भव्य रथयात्रा

Oplus_131072

विश्व शांति महायज्ञ के साथ विधान की पूर्णाहुति, अहार जी में आचार्य विमर्शसागर संत निलय का हुआ शिलान्यास

लार (टीकमगढ़) (शाबाश इंडिया)। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्र अहार जी में 17 से 25 नवंबर तक आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का बुधवार को विश्व शांति महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ विधि-विधानपूर्वक समापन हुआ। विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी संजय भैया गुणाशीष एवं पंडित मनोज शास्त्री ने समस्त धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। इस अवसर पर भगवान श्रीजी को रथ में विराजमान कर भव्य रथयात्रा निकाली गई।

रथयात्रा में श्रद्धालु अपने हाथों से रथ खींचते हुए चल रहे थे। महिलाएं केसरिया साड़ी पहनकर मंगल कलश धारण किए हुए थीं, वहीं पुरुष वर्ग धोती-दुपट्टा एवं सफेद वस्त्रों में शामिल हुआ। रथयात्रा में रथ, बग्घी, घोड़े और जैन विद्यालय के विद्यार्थियों का बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। डीजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजी की आरती उतारकर स्वागत किया। रथयात्रा में बालक-बालिकाओं सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

25 नवंबर को सुबह पंडाल में जगत कल्याण एवं विश्व शांति की कामना से वृहद महाशांतिधारा की गई। इसका पुण्यार्जन कपूरचंद, संतोष जैन, चक्रेश जैन एवं मुकेश जैन डिकोली के परिवार को प्राप्त हुआ। आचार्य श्री विवेकसागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य वीरेंद्र जैन, शिक्षक कुंडीला के परिवार को मिला।

जैन धर्म के अष्टान्हिका पर्व के समापन के अवसर पर आठ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत इंद्र-इंद्राणियों एवं समाजजनों ने विश्व शांति की मंगल कामना के साथ हवन में आहुतियां अर्पित कीं। विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी संजय भैया गुणाशीष एवं पंडित मनोज शास्त्री ने नगर, प्रदेश और देश में शांति, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की भावना के साथ हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न कराई।

आचार्य विमर्शसागर संत निलय का शिलान्यास

विधान के समापन अवसर पर तीर्थ क्षेत्र के प्रांगण में आचार्य विमर्शसागर संत निलय का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं भव्य शिलान्यास समारोह भी आयोजित किया गया। मुकेश जैन लार ने बताया कि संत निलय का निर्माण साधु-संतों एवं त्यागी-व्रतियों के लिए किया जा रहा है, ताकि वे यहां रहकर तप, त्याग, संयम और धर्माराधना कर सकें।

शिलान्यास समारोह के दौरान श्रद्धालु उत्साह एवं भक्तिभाव से ओत-प्रोत नजर आए। जयकारों के बीच शिलान्यास संपन्न हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar