Thursday, November 26, 2026

बागोर की हवेली में साकार हुई नेपाल के मंदिरों की दिव्य छवि

महिपतसिंह जाडेजा की ‘नेपाल आर्ट ऑफ टेंपल’ फोटो प्रदर्शनी में स्थापत्य, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का सजीव दृश्य-संवाद

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। बागोर की हवेली की ऐतिहासिक दीवारों के बीच इन दिनों नेपाल के भव्य मंदिरों की घंटियों, लकड़ी पर उकेरी गई बारीक नक्काशियों और आस्था से आलोकित मंदिर शिखरों का अद्भुत दृश्य संसार जीवंत हो उठा है। भावनगर के प्रसिद्ध फोटोग्राफर एवं पत्रकार महिपतसिंह जाडेजा की विशेष फोटो प्रदर्शनी ‘नेपाल आर्ट ऑफ टेंपल’ के माध्यम से नेपाल की प्राचीन आध्यात्मिक एवं स्थापत्य विरासत उदयपुर के कला-प्रेमियों तक पहुंच रही है।

गुजरात राज्य ललित कला अकादमी के सहयोग से आयोजित यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 23 से 25 नवंबर, 2026 तक बागोर की हवेली गैलरी में लगाई गई। यहां प्रदर्शित छायाचित्र केवल मंदिरों और स्मारकों के दृश्य नहीं, बल्कि इतिहास, लोक-आस्था, शिल्प-साधना और सांस्कृतिक स्मृतियों के जीवंत दस्तावेज हैं। हर फ्रेम में नेपाल के मंदिरों के शिखर, कलात्मक तोरण, देव प्रतिमाएं, प्राचीन काष्ठकला, शिल्प-विन्यास और समय की परतों में सुरक्षित वास्तु-सौंदर्य अपनी विशिष्ट कथा कहते नजर आते हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन 23 नवंबर को पूज्य अनुजजी महाराज, रामकाज गौशाला, घणौली; गुजरात का गौरव निशा चावड़ा, मिसेज इंडिया वेस्ट एवं नेल्सन मंडेला नोबेल शांति पुरस्कार विजेता; तथा तलाजा के प्रतिष्ठित व्यवसायी पंकजसिंह वाला ने किया। अतिथियों ने जाडेजा के इस प्रयास को कला, संस्कृति और विरासत के बीच संवाद स्थापित करने वाला महत्वपूर्ण उपक्रम बताया।

महिपतसिंह जाडेजा ने अपने कैमरे के माध्यम से नेपाल की मंदिर परंपरा को केवल स्थापत्य के रूप में नहीं, बल्कि वहां की जीवंत संस्कृति और जन-आस्था के रूप में प्रस्तुत किया है। प्रकाश, छाया, कोण और सूक्ष्म विवरणों के संयोजन से तैयार उनके छायाचित्र दर्शकों को मंदिरों की सीढ़ियों, प्रांगणों, अलंकृत द्वारों और गर्भगृहों के निकट पहुंचने का अनुभव कराते हैं।

गुजरात के बाहर राजस्थान के उदयपुर में जाडेजा की यह तीसरी विशेष प्रदर्शनी है। भावनगर के इस छायाकार की उपलब्धि पूरे गुजरात के लिए गौरव का विषय है। प्रदर्शनी कला, संस्कृति, इतिहास और फोटोग्राफी में रुचि रखने वाले दर्शकों को नेपाल की अद्भुत मंदिर-कला और सांस्कृतिक वैभव से रूबरू होने का अवसर प्रदान कर रही है।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar