
जैन सोशल ग्रुप्स के 152 सदस्य करेंगे 27 किलोमीटर की पैदल पर्वत वंदना
जयपुर (शाबाश इंडिया)। बंधुत्व से प्रेम और बंधुत्व के साथ सेवा के उद्देश्य को लेकर मानव एवं समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत विश्व की सबसे बड़ी दंपति सदस्यों की संस्था जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन, मुंबई के नॉर्दर्न रीजन के तत्वावधान में पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा गुरुवार, 19 नवंबर को जयपुर जंक्शन से भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों के बीच रवाना हुई। जैन सोशल ग्रुप महानगर और जैन सोशल ग्रुप अरिहंत, जयपुर के आतिथ्य में आयोजित यह यात्रा शाश्वत सिद्ध क्षेत्र तीर्थराज श्री सम्मेद शिखरजी के लिए रवाना हुई।
रीजन चेयरमैन राजीव पाटनी एवं सचिव रविन्द्र बिलाला ने बताया कि यात्रा दल सुबह 11:30 बजे जयपुर रेलवे स्टेशन से प्रताप एक्सप्रेस द्वारा रवाना हुआ। इस यात्रा में जैन सोशल ग्रुप्स के 152 सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर महेंद्र गिरधरवाल, प्रदीप जैन, महेंद्र सिंघवी, संजय पांडया, डॉ. राजीव जैन सहित बड़ी संख्या में जैन बंधु उपस्थित रहे।
आतिथ्य ग्रुप जैन सोशल ग्रुप महानगर के अध्यक्ष सुशील कासलीवाल एवं सचिव विनीत जैन ने बताया कि सभी यात्री 20 नवंबर को मधुबन पहुंचकर तलहटी स्थित जैन मंदिरों के दर्शन करेंगे।
वहीं, आतिथ्य ग्रुप जैन सोशल ग्रुप अरिहंत के अध्यक्ष अमरचंद दीवान एवं सचिव प्रतीक जैन ने बताया कि 21 नवंबर को सभी यात्री तीर्थराज सम्मेद शिखरजी के 27 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सामूहिक पैदल पर्वत वंदना करेंगे।
यात्रा के मुख्य समन्वयक तरुण जैन, दीपेश छाबड़ा एवं महेंद्र पाटनी ने बताया कि 22 नवंबर को अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजा-अर्चना के बाद सभी यात्री सम्मेद शिखरजी में प्रवासरत जैन संतों और आर्यिका माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा दल 23 नवंबर को सम्मेद शिखरजी के पारसनाथ रेलवे स्टेशन से जयपुर के लिए रवाना होगा और 24 नवंबर को वापस जयपुर पहुंचेगा।
विनोद जैन ‘कोटखावदा’


