Wednesday, November 18, 2026

लघु उद्योग भारती का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित

500 से अधिक सदस्य परिवार सहित हुए शामिल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारिवारिक आत्मीयता ने बांधा समां

जयपुर (शाबाश इंडिया)। लघु उद्योग भारती जयपुर प्रांत एवं जयपुर महानगर की सभी इकाइयों की ओर से जय क्लब में सामूहिक दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र के सानिध्य में हुए इस आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजन और पारिवारिक आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। उनके प्रेरक संदेश ने समारोह में शामिल सदस्यों और उनके परिजनों को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान की।

जयपुर प्रांत अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने अपने उद्बोधन में परिवार, संगठन की एकजुटता और आपसी प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में परिवारों की सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।

समारोह में सह प्रांत प्रचारक विशाल कुमार, महापौर सुनील कोठारी, जयपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अंजु सिंह, पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम एवं मोहन लाल सहित 500 से अधिक सदस्य अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जादूगर की प्रस्तुति, गणेश वंदना, शिव तांडव, कथक और घूमर नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। पुरुषों एवं महिलाओं के सामूहिक गायन, लकी ड्रॉ, कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह और उत्पाद प्रदर्शनी ने आयोजन को खास बना दिया।

इस अवसर पर लघु उद्योग भारती की ओर से दिल्ली के भारत मंडपम में प्रस्तावित फूड एवं एग्रो एक्सपो, स्टोन मार्ट के अंतर्गत उदयपुर में आयोजित होने वाले जीएसटीएफ (GSTF) कार्यक्रम तथा एलआईपी (LIP) पोर्टल की जानकारी भी दी गई। इन आयोजनों से संबंधित बैनर प्रदर्शित कर सदस्यों को संगठन की आगामी गतिविधियों से अवगत कराया गया।

समारोह के अंत में महासचिव सुनीता शर्मा एवं कोषाध्यक्ष उदय भुवालका ने सभी अतिथियों, सदस्यों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar