
थाली में सजे ये दीप केवल दीप नहीं,
ये रिश्तों की दहलीज़ पर रखा विश्वास हैं।
एक बाती में मेरा मन,
दूसरी में तुम्हारा निस्सीम स्नेह है।
तेल-सा चुपचाप बहता अपनापन,
लौ बनकर आकाश छू लेता है।
तुम मुस्कराओ तो लगता है,
अँधेरे ने हार मान ली हो।
मैं हाथ बढ़ाऊँ तो तुम्हारी हथेली में,
कोई अनकहा भरोसा झिलमिला उठता है।
प्रेम शब्दों की बड़ी-बड़ी परिभाषा नहीं,
यह दुःख की सांझ में साथ ठहर जाने का नाम है।
यह रूठे हुए मन के आँगन में,
बिना आहट उजाला रख आने की कला है।
चलो, आज इन दीपों से इतना सीखें,
कि रोशनी बाँटी जाए, बिखेरी नहीं।
हर रिश्ता एक दीया बने,
हर दिल किसी का घर बन जाए।
फिर रात चाहे कितनी भी गहरी हो,
प्रेम की लौ कभी बुझ न पाए।
विदुषी धाकड़, उदयपुर (राजस्थान)


