Wednesday, November 18, 2026

अचरोल में आचार्य आदित्य सागर जी के सानिध्य में भगवान पार्श्वनाथ का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न

Oplus_131072

अष्टान्हिका पर्व पर हुई विशेष धर्माराधना, आचार्य देशभूषण जी महाराज की स्मृति और आचार्य विद्यानंद जी के उपाध्याय पद अलंकरण दिवस का किया स्मरण

जयपुर (शाबाश इंडिया)। अचरोल गांव स्थित श्री दिगंबर जैन आचार्यरत्न देशभूषण जी महाराज आश्रम स्थल पर 17 नवंबर को अष्टान्हिका पर्व के अवसर पर आचार्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में भगवान पार्श्वनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा का भक्तिभावपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के साथ धर्माराधना कर पुण्यार्जन किया।

श्रेष्ठी पदम जैन बिलाला ने बताया कि आश्रम में आचार्य संघ की अगवानी खंडाका परिवार के नेम प्रकाश खंडाका, संत कुमार एवं सतीश खंडाका ने की। इस दौरान संघ की विहार व्यवस्था देख रहे कमल दीवान, ज्ञान चंद, महावीर पाटनी, मिश्रीलाल काला सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

17 नवंबर की तिथि का ऐतिहासिक महत्व भी विशेष रहा। इसी दिन 17 नवंबर 1974 को दिल्ली में आचार्यरत्न श्री 108 देशभूषण जी महाराज ने मुनि श्री 108 विद्यानंद जी महाराज को उपाध्याय पद से अलंकृत किया था। आगे चलकर वे आचार्य श्री 108 विद्यानंद जी महाराज के नाम से विख्यात हुए और जैन दर्शन एवं साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान दिया। इस ऐतिहासिक प्रसंग का स्मरण कर श्रद्धालुओं ने आचार्यद्वय के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ का मंगल विहार जयपुर के जनकपुरी से हरियाणा स्थित अष्टापद तीर्थ की ओर चल रहा है। संघ की स्वास्थ्य व्यवस्था जैन आरोग्य भारती के लक्ष्मी विजय गंगवाल, अजीत पहाड़िया एवं विजय सेठी आदि संभाल रहे हैं। वहीं, संघ की आहार व्यवस्था में अनिता बिंदायक्या, शकुंतला बिंदायक्या, सुलोचना पाटनी, उर्मिला एवं शीला सेठी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर जनकपुरी समाज के सोभाग अजमेरा, राजेश गर्ग, ताराचंद गोधा, राजेंद्र ठोलिया, महेश काला सहित अनेक धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री के मंगल सानिध्य एवं दर्शन का लाभ लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। संघ का यहां से आगे चंदवाजी-लखेर की ओर विहार प्रस्तावित है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar