
दस दिवसीय अखिल भारतीय कला शिविर में 21 नवंबर तक देश के विभिन्न शहरों की रचनात्मक दृष्टियां एक मंच पर
उदयपुर (शाबाश इंडिया)। रंगों की दुनिया जब आकारों की भाषा से हाथ मिलाती है, तो कला केवल देखने की वस्तु नहीं रह जाती, बल्कि एक आत्मीय संवाद बन जाती है। ऐसा ही जीवंत संवाद अंबामाता स्कीम स्थित टखमण कला दीर्घा में 12 से 21 नवंबर तक नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर की ओर से आयोजित ‘ऑल इंडिया पेंटर्स एंड स्कल्पटर्स कैम्प-2026’ में आकार ले रहा है।
दस दिवसीय यह रचनात्मक संगम देश के विभिन्न अंचलों से आए चित्रकारों और मूर्तिकारों को अपने अनुभव, दृष्टि और संवेदनाएं साझा करने का अवसर दे रहा है। शिविर की खासियत इसमें शामिल कलाकारों की भौगोलिक विविधता है। उदयपुर सहित जयपुर, नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, उज्जैन, भीलवाड़ा, खंडवा, कोटड़ा और ऋषभदेव से जुड़े कलाकार अपनी मिट्टी, लोक-स्मृतियों और समकालीन सोच को सृजन में ढाल रहे हैं। यहां ब्रश की महीन रेखाएं जीवन के विविध रंग उभार रही हैं, वहीं मूर्तिकारों के हाथ निर्जीव माध्यमों में भी संवेदना की धड़कन तलाश रहे हैं।
चित्रकला खंड में उदयपुर के ललित शर्मा, आर.के. शर्मा और कमल जोशी; जयपुर के डॉ. रजनीश हर्ष एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा; नई दिल्ली के सत्यधीर सिंह; बेंगलुरु की शीतल चौधरी तथा खंडवा की विग्या उपाध्याय सहभागी हैं। इसके साथ ही ऋषभदेव से आए एक अन्य कलाकार की सहभागिता भी शिविर को स्थानीय सृजनशीलता से जोड़ रही है। इन चित्रकारों की उपस्थिति आयोजन को शहर-केंद्रित गतिविधि से आगे ले जाकर विविध दृश्य-अनुभवों के राष्ट्रीय संवाद का रूप दे रही है।
मूर्तिकला खंड में उदयपुर के सी.पी. चौधरी, नसीम अहमद, दिनेश उपाध्याय और सचिन दाहिच; मुंबई की डॉ. मर्यादा सेठिया हिंगड; भीलवाड़ा की डॉ. बिंदु जोशी; जयपुर के हिमांशु अग्निहोत्री और सैलेश शर्मा तथा कोटड़ा के नेताराम गरासिया और कालूराम गरासिया अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति से शिविर को बहुआयामी बना रहे हैं।
कलाकारों के माध्यम और अभिव्यक्ति भले ही अलग-अलग हों, लेकिन उनके सृजन का सरोकार मनुष्य, समाज, प्रकृति और समय से जुड़ा है। उल्लेखनीय है कि चित्रकला और मूर्तिकला—दोनों विधाओं में दो-दो महिला कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही हैं।
मुंबई की डॉ. मर्यादा सेठिया हिंगड और भीलवाड़ा की डॉ. बिंदु जोशी को दोपहर की धूप में पत्थर तराशते देखकर जब उनके कला-सफर के बारे में पूछा गया, तो दोनों ने सहजता से कहा, “निश्चित रूप से परिवार के सदस्यों के सहयोग के बिना इतने वर्षों की कला-यात्रा संभव नहीं हो पाती।” दोनों महिला कलाकार कार्वर की सहायता से धौलपुर और जैसलमेर के पत्थरों पर अपनी कल्पना को आकार देने में जुटी हैं।
शिविर के बारे में संदीप पालीवाल बताते हैं कि कहीं कैनवास पर लोकजीवन की धूप उतरती है, तो कहीं शहरी जीवन की बेचैनी रंगों में बोलती है। कहीं पत्थर और मिट्टी से आकार लेती आकृतियां आदिवासी अंचल की स्मृतियों को जीवंत करती हैं, तो कहीं स्त्री-संवेदना, प्रकृति और बदलते समय की अनकही परतें उभरती हैं। यही विविधता इस कला शिविर को विशिष्ट बनाती है।
‘ऑल इंडिया पेंटर्स एंड स्कल्पटर्स कैम्प-2026’ केवल दस दिनों का आयोजन नहीं, बल्कि रंग, रूप और विचारों के बीच बनता ऐसा सेतु है, जो कला को समाज से आत्मीय और अर्थपूर्ण ढंग से जोड़ रहा है।
रिपोर्ट/फोटो: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


