
‘टेक्स्ट व्हेन यू गेट होम’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा पर हुआ संवाद; अब तक मिल चुकी हैं 1,100 से अधिक कहानियां
जयपुर (शाबाश इंडिया)। जयपुर को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और संवेदनशील शहर बनाने के उद्देश्य से 12 से 15 नवंबर तक शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इनमें लगभग 300 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, परिवहन और रोजमर्रा के वातावरण में सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही, शहर को सभी के लिए अधिक सुरक्षित एवं भयमुक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
कार्यशालाओं का आयोजन 12 नवंबर को निर्माण नगर स्थित आईपीएस बिजनेस स्कूल (मॉडर्न एजुकेशन एंड कल्चरल सोसायटी परिसर), 13 एवं 14 नवंबर को सांगानेर स्थित सुबोध पीजी गर्ल्स कॉलेज तथा 15 नवंबर को सेंट्रल पार्क में किया गया।
ये कार्यशालाएं ‘टेक्स्ट व्हेन यू गेट होम’ अभियान का हिस्सा हैं। इस अभियान का उद्देश्य रोजमर्रा के सार्वजनिक स्थानों में सुरक्षा से जुड़े अनुभवों पर संवाद शुरू करना, लोगों की कहानियों को सामने लाना और यह समझना है कि अलग-अलग लोग अपने शहर एवं सार्वजनिक स्थानों को किस तरह अनुभव करते हैं। अभियान से जुड़े आयोजकों का मानना है कि सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि शहर के डिजाइन, सार्वजनिक सुविधाओं और सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है।
अभियान के माध्यम से अब तक 1,100 से अधिक कहानियां और लोगों के व्यक्तिगत अनुभव प्राप्त हुए हैं। यह प्रक्रिया लगातार जारी है और अधिक से अधिक लोगों के अनुभवों को इस संवाद का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी दिशा में स्कूलों एवं कॉलेजों में भी ज़ीन (Zine) बनाने की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी चित्रों, लेखन, व्यक्तिगत कहानियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए अपने अनुभव साझा करते हैं। ज़ीन के माध्यम से युवा पीढ़ी के विचारों, चिंताओं और शहर को अधिक सुरक्षित बनाने से जुड़े सुझावों को समझने एवं संकलित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशाला समन्वयक विधि जैन ने आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सुबोध पीजी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीता जैन, सुबोध बी.एड. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. यदु शर्मा तथा डॉ. अजय छाबड़ा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी संस्थानों, सहयोगियों और प्रतिभागियों को उनके सक्रिय योगदान एवं बहुमूल्य सुझावों के लिए धन्यवाद दिया।
विधि जैन ने कहा कि लोगों के वास्तविक अनुभवों को सुनना और उन्हें शहर के विकास से जुड़े संवाद का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। ऐसे सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही जयपुर को सभी के लिए अधिक सुरक्षित एवं संवेदनशील शहर बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।


