Sunday, November 15, 2026

शब्दों की फुलझड़ियों से रोशन हुई शिल्पग्राम की शाम

हंसी, रिश्तों, सियासत और जिंदगी के अनुभवों पर कवियों ने रचा दिलचस्प संवाद; आज ‘इंब्रेस बाय हसरत’ प्रस्तुति के साथ होगा शरद रंग का समापन

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। शिल्पग्राम के मुक्ताकाशी मंच पर ‘शरद रंग’ उत्सव की तीसरी शाम ठहाकों की ऐसी रोशनी लेकर आई, जिसमें जीवन की सच्चाइयां भी मुस्कराती नजर आईं। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में कविता ने कभी रिश्तों की नर्म डोर को छुआ, कभी सियासत के बदलते रंगों पर चुटकी ली तो कभी आंसू और मुस्कान के बीच के रिश्ते को बयां किया।

कवियों की सजी महफिल

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की उपस्थिति में मंच पर डॉ. अरुण जैमिनी, डॉ. प्रवीण शुक्ल, डॉ. मनीषा शुक्ला, गोविंद राठी, चेतन चर्चित और डॉ. चिराग जैन ने काव्य-पाठ किया। हर कवि अपनी अलग भाषा, लय और विषय-वस्तु के साथ श्रोताओं के बीच आया, लेकिन सभी की रचनाओं ने श्रोताओं को भावनाओं की एक साझा भूमि पर जोड़ दिया।

ताल, सुर और कमाल से शुरुआत

काव्य संध्या का आगाज चेतन चर्चित की हास्य रचना से हुआ। उनकी सहज प्रस्तुति ने शुरुआत में ही वातावरण को आत्मीय बना दिया। इसके बाद उन्होंने गीतात्मक अंदाज में सुनाया—

“कई सुरों को सजाना है, ताल बाकी है,
कमाल ये है कि अपना कमाल बाकी है…”

इन पंक्तियों के पूरा होते ही मुक्ताकाशी मंच देर तक तालियों की गूंज से भर उठा।

रिश्तों को सहेजने का संदेश

डॉ. प्रवीण शुक्ल ने अपने अनुभवों की तपिश और संबंधों की गरिमा को शब्द दिए। उन्होंने सुनाया—

“जाने कितने अनुभवों का है यही बस सार अंतिम,
तोड़ना मत रिश्तों का कभी तार अंतिम…”

उनकी इन पंक्तियों ने हास्य कवि सम्मेलन के बीच रिश्तों को सहेजकर रखने का आत्मीय संदेश भी दिया।

सियासत पर मुस्कराता व्यंग्य

गोविंद राठी ने अपने काव्य-पाठ में राजनीतिक व्यवस्थाओं की बदलती प्रकृति पर सजग व्यंग्य किया। “हर युग में सियासत की अपनी-अपनी व्यवस्थाएं होती हैं…” के माध्यम से उन्होंने समय की विडंबनाओं को मुस्कान में पिरोया। श्रोताओं ने उनकी रचना में व्यंग्य की चुभन और कथ्य की सच्चाई दोनों महसूस कीं।

आंसू और मुस्कान का रिश्ता

सम्मेलन की इकलौती कवयित्री डॉ. मनीषा शुक्ला ने भावनाओं का कोमल संसार रचते हुए सुनाया—

“खुद पर रोया आंसू केवल पानी है,
सुख-दुःख दोनों इक-दूजे के सानी हैं…
हंसने को तो एक लतीफा काफी है,
रोने को कम पड़ती एक कहानी है…”

उनकी रचना ने मानवीय संवेदनाओं को सहज और प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।

मंचीय कविता की लोकधारा

सूत्रधार कवि डॉ. चिराग जैन ने मंचीय कविता की परंपरा को सलाम करते हुए कहा—

“कविता को आसान बनाकर जन-जन तक पहुंचाने वाले,
तुलसी बाबा के वंशज हैं हम मंचों पर जाने वाले…”

उनकी प्रस्तुति का श्रोताओं ने तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया।

अरुण जैमिनी के ठहाकों का जादू

कवि सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण डॉ. अरुण जैमिनी ने हास्य-व्यंग्य की अनेक फुलझड़ियां छोड़ते हुए पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। “मिलकर जिनसे उम्र हम तमाम करते हैं, दर्द को भूलने का इंतजाम करते हैं…” जैसी पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने जीवन की विडंबनाओं को हंसी की खूबसूरत भाषा दी। उनकी प्रस्तुति पर मंच परिसर ठहाकों और वाह-वाह से गूंज उठा।

आज होगी अंतिम सांस्कृतिक संध्या

कार्यक्रम का औपचारिक संचालन राव अजात शत्रु ने किया। केंद्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि ‘शरद रंग’ उत्सव का समापन रविवार, 15 नवंबर की शाम ‘इंब्रेस बाय हसरत’ प्रस्तुति के साथ होगा। कार्यक्रम में शाम 6 बजे से प्रवेश निःशुल्क रहेगा।


शिल्पांगन में थाली पर सजी भारत-यात्रा

स्वादों में दिख रहा देश का नक्शा

‘शरद रंग’ उत्सव में कविता और संगीत के साथ शिल्पांगन स्वादों का भी जीवंत उत्सव बन गया है। 15 नवंबर तक यहां दिनभर देश के विभिन्न प्रांतों की पाक-परंपराएं एक ही परिसर में लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

राजस्थान से बंगाल तक का सफर

राजस्थान की दाल-बाटी-चूरमा, लखनऊ के काजू गलावटी वेज कबाब, ओडिशा के जगन्नाथपुरी प्रसाद, पश्चिम बंगाल की पीठा-पुली और बिहार के लिट्टी-चोखा के जरिए स्वाद-प्रेमी अलग-अलग प्रदेशों की रसोई से रूबरू हो रहे हैं।

हर थाली में नया प्रदेश

हरियाणा का जलेबा, पंजाब का अमृतसरी कुलचा, उत्तर प्रदेश की चाट, अवध की मिठास, गुजरात का पातरा, महाराष्ट्र की पूरन पोली और उत्तराखंड की सेल रोटी-चटनी भी शिल्पांगन के आकर्षण बने हुए हैं। नॉनवेज के शौकीन हैदराबादी बिरयानी का स्वाद ले सकते हैं। शिल्पांगन की यह स्वाद-गली हर कदम पर नई खुशबू और हर थाली में भारत का नया रंग पेश कर रही है।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar