
मुंबई | शाबाश इंडिया।
महाराष्ट्र के कर्जत में 100 एकड़ में विकसित होगा विशेष परिसर, अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मिलेगी सम्मानजनक जिंदगी
अस्पताल, पुनर्वास, शिक्षा और रोजगार की होंगी सुविधाएं; नीता अंबानी बोलीं—माता-पिता को भरोसा मिले कि उनके बाद भी बच्चों का अपना घर और परिवार होगा
रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर एवं चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रविवार, 1 नवंबर को महाराष्ट्र के कर्जत में ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ का भूमिपूजन किया। करीब 100 एकड़ में विकसित होने वाली यह अनूठी पहल 5,000 से अधिक अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को घर-परिवार जैसा माहौल, सुरक्षा और देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। भूमिपूजन समारोह में ईशा अंबानी भी शामिल हुईं। रिलायंस फाउंडेशन की इस गैर-लाभकारी परियोजना को आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
हर व्यक्ति को मिलेगा अपनापन और सम्मान
इस अवसर पर नीता अंबानी ने कहा कि अनंत आश्रय उनके और उनके परिवार के दिल के बेहद करीब है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “एक मां के तौर पर मेरी सबसे बड़ी उम्मीद है कि जिन माता-पिता को जीवनभर यह चिंता रही है कि उनके न रहने पर बच्चों की देखभाल कौन करेगा, उन्हें यह भरोसा मिल सके कि उनके बच्चे का हमेशा अपना घर और परिवार होगा।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परिसर में हर उम्र के व्यक्ति को गरिमा के साथ जीने और जीवन के हर नए दिन को उम्मीद के साथ देखने का अवसर मिलेगा।
आश्रय नहीं, परिवार जैसा होगा पूरा समुदाय
अनंत आश्रय की परिकल्पना केवल एक आश्रय स्थल के रूप में नहीं, बल्कि ऐसे समुदाय के रूप में की गई है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिले। परिसर में परिवार जैसे छोटे-छोटे घर बनाए जाएंगे और उनकी देखभाल के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मचारी नियुक्त होंगे। प्रत्येक निवासी की जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यक्तिगत विकास की योजनाएं तैयार की जाएंगी।
परियोजना के तहत यहां रहने वाले लोगों, चिकित्सा विशेषज्ञों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को मिलाकर करीब 15 हजार लोगों का समुदाय विकसित होने की उम्मीद है।
इलाज से लेकर शिक्षा और रोजगार तक की सुविधा
प्रस्तावित परिसर में विशेष अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, फिजियोथेरेपी और अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही शिक्षा, खेल, संगीत और कला के माध्यम से प्रतिभाओं को विकसित करने के अवसर दिए जाएंगे।
बेकरी, कैफे और हस्तशिल्प केंद्रों के जरिए कौशल विकास और रोजगार की व्यवस्था भी होगी। परिसर में मंदिर, बगीचे और वनतारा के सहयोग से पशुओं के साथ जुड़ाव बढ़ाने वाला फार्म भी प्रस्तावित है। आसपास के गांवों के लोगों को भी परिसर की कुछ सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
जन्मदिन पर देश को समर्पित की सेवा की अनूठी पहल
विशेष बात यह रही कि नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव रखी। उन्होंने अपने संबोधन में इसे भारत मां के चरणों में एक मां की ओर से छोटी-सी भेंट बताया। अनंत आश्रय की यह पहल जरूरतमंदों को केवल रहने का स्थान ही नहीं, बल्कि सुरक्षित जीवन, आत्मसम्मान, अपनापन और भविष्य की नई उम्मीद देने की परिकल्पना करती है।


