
अजमेर | शाबाश इंडिया।
शांतिपुरा जैन मंदिर में भक्तामर पाठ, 48 दीप प्रज्वलन, भक्ति नृत्य और नृत्य नाटिका ने बांधा समां
श्री दिगम्बर जैन महासमिति अजमेर संभाग एवं श्री दिगम्बर जैन महासमिति महिला एवं युवामहिला संभाग अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणि परमपूज्य आचार्य 108 श्री विद्यासागर जी महाराज, आचार्य श्री समयसागर जी महाराज एवं गणिनी आर्यिका 105 ज्ञानमती माताजी का अवतरण दिवस आनंद नगर स्थित शांतिपुरा जैन मंदिर में हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति, आराधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ ऋद्धि-सिद्धि मंत्रों के उच्चारण के साथ भक्तामर पाठ से हुआ। इस दौरान 48 दीप प्रज्वलित किए गए। आरती के पश्चात गंगवाल परिवार एवं अजमेरा परिवार ने आचार्य श्री के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किए। प्रसिद्ध जैन भजन गायक अंकित पाटनी ने आचार्य श्री के जीवन चरित्र पर आधारित अनेक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार मंत्री सोनिका भैसा एवं युवामहिला संभाग की संस्थापक अर्चना गंगवाल ने बताया कि कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने महासमिति का मंगलाचरण प्रस्तुत किया। नन्ही बालिकाओं चहक और ख्याति ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जीवन चरित्र पर आधारित भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं कोषाध्यक्ष मंजु ठोलिया, आगरा गेट इकाई अध्यक्ष अंजु गोधा एवं अल्का लुहाड़िया ने नृत्य नाटिका के माध्यम से आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का जन्म कल्याणक प्रस्तुत किया।
महासमिति अध्यक्ष अतुल पाटनी एवं महामंत्री कमल गंगवाल ने समाजश्रेष्ठी प्रमोद सोनी, प्रतिभा सोनी एवं संरक्षक राकेश पालीवाल का माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस अवसर पर प्रमोद सोनी ने आचार्य श्री के जन्म से लेकर उनकी अंतिम विदाई तक के सफर को अपने भक्तिमय भजनों के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
मंत्री सुषमा पाटनी ने बताया कि युवामहिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैसा एवं महिला संभाग अध्यक्ष मधु पाटनी को महासमिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पदों पर मनोनीत किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर दोनों पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आनंद नगर इकाई अध्यक्ष अंजु मनीष अजमेरा, कमल गंगवाल, रूबी जैन, राकेश पालीवाल एवं अतुल-मधु पाटनी का विशेष सहयोग रहा। इकाई मंत्री रीना दोषी ने बताया कि कार्यक्रम में शिखा बिलाला, नवल छाबड़ा, प्रीति गदिया, रेनू पाटनी, श्वेता छाबड़ा, उर्मिला गंगवाल सहित 100 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में महामंत्री कमल गंगवाल एवं मंजु ठोलिया ने अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और जयकारों से गूंज उठा।


