
जयपुर | शाबाश इंडिया।
ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट (रजि.) एवं एएमआरसी पार्क हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मानसरोवर स्थित एएमआरसी पार्क हॉस्पिटल में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक निःशुल्क हृदय रोग चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का विधिवत उद्घाटन मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कालीचरण सराफ ने किया।
स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता पर जोर
इस अवसर पर ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद जैन भँवर ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए एएमआरसी पार्क हॉस्पिटल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट सामाजिक सरोकारों के तहत स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक कालीचरण सराफ ने ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट एवं पार्क हॉस्पिटल द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी हृदय स्वास्थ्य की जानकारी
एएमआरसी पार्क हॉस्पिटल, जयपुर की सीईओ डॉ. रितु चौधरी ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को शिविर के उद्देश्य और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मंसूर अहमद एवं डॉ. अमित शरण ने हृदय रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय पर जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त चयनित जांचों एवं सेवाओं पर 50 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर डॉ. राम अग्रवाल, अपर्णा झा तथा भारतीय जनता पार्टी के पार्षद प्रत्याशी नटवर लाल कुमावत उपस्थित रहे।
ह्यूमन ग्लोरी वुमेन्स क्लब की अध्यक्ष मनीषा जैन ‘कुसुम’, सचिव संतोष बम्ब, संयुक्त सचिव शुभ्रा गुप्ता एवं उपाध्यक्ष उपमा सारस्वत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा सुनीता अशोक जैन, मंजू शंभू कुमार जैन एवं रेखा पारस सेठी भी उपस्थित रहीं।
शिविर का उद्देश्य आमजन को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना, समय पर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना है।


