
झज्जर | शाबाश इंडिया।
दूसरों की भलाई के लिए किया गया छोटा-सा प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ी खुशी ला सकता है। इसी भावना को साकार करते हुए झज्जर जिले के धारौली गांव की सामाजिक संस्था मां-मातृभूमि सेवा समिति ने राजकीय उच्च विद्यालय, सुधराना, ब्लॉक नाहड़, जिला रेवाड़ी में वस्त्र समर्पण सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान करीब 25 हजार रुपये की लागत के 98 स्वेटर जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क वितरित किए गए। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समिति के अध्यक्ष एवं 25 बार रक्तदान कर चुके युद्धवीर सिंह लांबा ने बताया कि कार्यक्रम में समाजसेविका लक्ष्मी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन अपनाने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। सुधराना गांव के समाजसेवी एवं 19 बार रक्तदान कर चुके नीरज कुमार जांगड़ा विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि विद्यालय के हेडमास्टर दिनेश कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
18 समाजसेवियों ने नेक कमाई से किया सहयोग
वस्त्र समर्पण सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े 18 सहयोगियों ने अपने नेक धन से योगदान दिया। इनमें रिलायंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन एवं शिक्षाविद सुखबीर जाखड़, हरियाणा सरकार में जूनियर इंजीनियर अजय मलिक (खानपुर कलां, सोनीपत), मास्टर हरबीर मल्हान (गिरधरपुर), मेडी-जेईई करियर इंस्टीट्यूट कोसली के निदेशक धर्मेंद्र यादव, मास्टर पवन कुमार (धनीरवास), इंजीनियर अजय जांगड़ा (भिवानी), सहायक कराधान अधिकारी संजीव घणघस (जतई, भिवानी), सिंचाई विभाग के इंजीनियर अमित दांगी (मदीना, रोहतक), युद्धवीर सिंह लांबा (धारौली) और नीरज कुमार जांगड़ा (सुधराना) शामिल रहे।
इसके अलावा सोनू मोटर वाइंडिंग सेंटर, धारौली के संचालक सोनू कुमार, रक्तदानी लक्ष्मी सिंह (सुधराना), कोसली के मास्टर रोहित यादव, लेवी डिस्पोजल हाउस के संचालक, मास्टर कुलवेन्द्र सिंह यादव (मुमताजपुर, रेवाड़ी), ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल बहादुरगढ़ एवं नव जीवन हॉस्पिटल मॉडल टाउन रोहतक के मैनेजर विक्रांत शर्मा, श्रीहंस बैग व स्टेशनरी हाउस कोसली के संचालक एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित मंजीत सिंह, सेवानिवृत्त नायब सूबेदार विक्रम सिंह लांबा (धारौली) तथा समाजसेवी एवं रक्तदानी नितेश भौरिया, अर्बन युवा रेडीमेड स्टोर कोसली के संचालक ने भी सहयोग दिया।
विद्यार्थियों को पेन और कॉपियां भी भेंट कीं
कार्यक्रम के दौरान भाकली के शिक्षाविद मास्टर सतीश यादव ने सभी विद्यार्थियों को एक-एक पेन भेंट किया। वहीं, सुधराना गांव के सतबीर जी ने प्रत्येक विद्यार्थी को एक-एक कॉपी और पेन प्रदान किए।
मां-मातृभूमि सेवा समिति की इस पहल ने समाजसेवा, शिक्षा और जरूरतमंद बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। ऐसे प्रयास न केवल बच्चों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह और समाज के प्रति अपनत्व की भावना भी मजबूत करते हैं।


