Saturday, October 17, 2026

“पारस प्यारा लागो, जिनेश्वर प्यारा लागो…” के भजनों से गूंजा दौसा, जयपुर की 40वीं श्री महावीरजी पदयात्रा का जगह-जगह हो रहा भव्य स्वागत

दौसा | शाबाश इंडिया।

श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर के तत्वावधान में निकाली जा रही श्री महावीरजी की 40वीं पदयात्रा शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दौसा स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंची। यहां दौसा जैन समाज की ओर से पदयात्रियों का भावभीना स्वागत-सत्कार किया गया। मंदिर परिसर में सामूहिक पूजा-अर्चना, भक्ति संगीत, धार्मिक हाऊजी और कलशाभिषेक के आयोजन हुए। अब शनिवार, 17 अक्टूबर को पदयात्रा सिकंदरा पहुंचेगी, जहां जैन समाज की ओर से श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया जाएगा।

भक्ति संगीत और सामूहिक पूजन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

पदयात्रा संघ के संयोजक महेश चंद जैन एवं सहसंयोजक सौभाग मल जैन ने बताया कि संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन और संयोजक महेश चंद जैन के नेतृत्व में 14 अक्टूबर को संघीजी की नसियां, खानिया, जयपुर से पदयात्रा रवाना हुई थी। दौसा पहुंचने पर स्नानादि के बाद पदयात्रियों ने मंदिर में संगीतमय सामूहिक पूजन किया। इस दौरान “पारस प्यारा लागो, जिनेश्वर प्यारा लागो…” सहित अनेक भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।

संघ की ओर से ज्ञानवर्धक जैन धार्मिक हाऊजी का आयोजन भी किया गया। समाजश्रेष्ठी निर्मल जैन, ज्ञान चंद जैन एवं राजकुमार छाबड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रीना, मणि, रेखा, नेहा जैन सहित सभी विजेताओं को संघ की ओर से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सूर्य प्रकाश छाबड़ा ने किया। अंत में जयकारों के बीच श्रीजी का कलशाभिषेक किया गया। श्रीजी की माला का पुण्यार्जन जयपुर निवासी राजकुमार एवं शुभम बड़जात्या ने किया।

दौसा जैन समाज ने पदयात्रा संघ के पदाधिकारियों का किया सम्मान

इस अवसर पर पदयात्रा संघ के संरक्षक एवं राजस्थान जैन सभा, जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’, महामंत्री मनीष बैद तथा पदयात्रा संयोजक महेश चंद जैन का दौसा जैन समाज की ओर से सम्मान किया गया। सम्मान करने वालों में अध्यक्ष प्रकाश चंद जैन नेतावाला, कार्याध्यक्ष नरेंद्र जैन नीमला, महामंत्री राजेंद्र जैन खैरवाल, मंत्री अरविंद जैन, कोषाध्यक्ष अजीत जैन, विनोद जैन, पूर्व अध्यक्ष आलोक जैन एवं प्रवक्ता प्रतीक जैन शामिल रहे।

इस दौरान संघ के पूर्व संयोजक सुरेश ठोलिया, कुंथीलाल रावकां, सूर्य प्रकाश छाबड़ा, सलिल जैन, शैलेन्द्र साह ‘चीकू’, विनेश सोगानी, राजेंद्र जैन मोजमाबाद, राजकुमार बड़जात्या, विनोद जैन कोटखावदा, जिनेंद्र जैन, देवेंद्र गिरधरवाल, पवन जैन, सुशील जैन एवं भागचंद गोधा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

सिकंदरा में शनिवार को होगा भव्य स्वागत

पदयात्री शनिवार, 17 अक्टूबर को प्रातःकालीन भोजन के बाद सिकंदरा के लिए रवाना हुए। मार्ग में सायंकालीन भोजन के बाद भगवान महावीर की भक्तिभाव से आरती की गई। कालाखोह स्कूल में डांडिया कार्यक्रम के बाद रात्रि विश्राम किया गया।

सहसंयोजक सुकुमार जैन एवं दीपा गोधा ने बताया कि शनिवार सुबह पदयात्रा सिकंदरा स्थित दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यहां सिकंदरा जैन समाज की ओर से पदयात्रियों का भावभीना स्वागत किया जाएगा। मंदिर में पूजा-अर्चना, भक्ति संगीत और कलशाभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। इसके बाद गीजगढ़ में सायंकालीन भोजन के पश्चात भगवान महावीर की आरती की जाएगी। रात्रि विश्राम तालचिड़ा स्कूल में होगा।

गुढ़ाचंद्रजी से होते हुए 19 अक्टूबर को पहुंचेगी श्री महावीरजी

सहसंयोजक ज्ञान चंद जैन एवं अरुणा दीवान के अनुसार, रविवार, 18 अक्टूबर को पदयात्रा गुढ़ाचंद्रजी स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रीजी की पूजा-अर्चना और कलशाभिषेक के आयोजन होंगे। शाम को नादौती के महावीर पब्लिक स्कूल में धार्मिक अंताक्षरी आयोजित की जाएगी।

पदयात्रा संघ के प्रचार प्रभारी विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि सोमवार, 19 अक्टूबर को पदयात्री खेडला-खेडली होते हुए प्रातः श्री महावीरजी पहुंचेंगे। चांदनगांव से विशाल जुलूस के रूप में नाचते-गाते श्रद्धालु मुख्य मंदिर पहुंचकर भगवान महावीर के दर्शन करेंगे। इस दौरान पदयात्रा मार्ग में हुई भूलों के लिए श्रद्धालु आपस में क्षमायाचना भी करेंगे।

दोपहर 2 बजे से सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें पदयात्रा संघ के पूर्व संयोजकों एवं सभी पदयात्रियों का अभिनंदन किया जाएगा। सायंकाल भगवान महावीर की महाआरती के बाद आध्यात्मिक कवि सम्मेलन होगा।

20 अक्टूबर को जयपुर के लिए प्रस्थान, वापसी की निःशुल्क बस व्यवस्था

संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन ने बताया कि मंगलवार, 20 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे साजो-सामग्री के साथ श्री शांतिनाथ पूजा विधान आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे बसों से जयपुर के लिए प्रस्थान होगा। सहसंयोजक नरेंद्र शाह एवं राजेश शाह ने बताया कि पदयात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री महावीरजी से जयपुर लौटने हेतु संघ की ओर से निःशुल्क बसों की व्यवस्था की गई है।

अनुभवी पदाधिकारियों और क्षेत्रीय सहसंयोजकों के नेतृत्व में आयोजन

संरक्षक सुभाष चंद जैन के अनुसार, पदयात्रा के संयोजक महेश चंद जैन एवं सौभाग मल जैन हैं। ज्ञान चंद जैन, दीपा गोधा, राजेश शाह, सुकुमार जैन, अरुणा दीवान, नरेंद्र शाह एवं राजीव अजमेरा जयपुर महानगर से सहसंयोजक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

क्षेत्रीय सहसंयोजकों में जितेंद्र गंगवाल (जोबनेर), पंकज बड़जात्या (चौमूं), विक्रम पांड्या (खोरा), चंद्रकांता लुहाड़िया (सिकंदरा), अजय जैन (अजमेर), राहुल जैन (रुलाना), सुरेश छाबड़ा (सीकर) एवं अजय काला (चंदलाई) व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

1986 से धर्मयात्रा के साथ समाजसेवा में भी सक्रिय है संघ

प्रचार प्रभारी विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि संघ वर्ष 1986 से जयपुर से श्री महावीरजी की पदयात्रा आयोजित कर रहा है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2000 में जयपुर से शाश्वत तीर्थराज श्री सम्मेद शिखरजी तक 1300 किलोमीटर की पदयात्रा, वर्ष 2003 में जयपुर से कुंडलपुर बड़े बाबा तक 800 किलोमीटर की पदयात्रा तथा वर्ष 2006 में बेंगलुरु से श्रवणबेलगोला बाहुबली तक 140 किलोमीटर की पदवंदना 444 पदयात्रियों के साथ संपन्न की गई। वर्ष 2018 में भी बेंगलुरु से श्रवणबेलगोला बाहुबली तक 140 किलोमीटर की पदयात्रा 151 पदयात्रियों के साथ सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

धार्मिक यात्राओं के साथ संघ समाज और मानव सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। इसी कड़ी में कुंडलपुर में एक विशाल औषधालय का निर्माण करवाया गया, जहां हजारों रोगियों का आयुर्वेद एवं प्राणोपचार पद्धति से उपचार किया जा चुका है। औषधालय में संघ की ओर से सैकड़ों मासिक चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं।

विनोद जैन ‘कोटखावदा’
कार्यकारिणी सदस्य
श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar