Tuesday, September 22, 2026

सुगंध दशमी पर 19 जिनालयों में सजी जैन दर्शन को दर्शाती ज्ञानवर्धक झांकियां, अक्टूबर में होगा श्रेष्ठ झांकियों का सम्मान

जयपुर | शाबाश इंडिया।

दिगंबर जैन समाज के प्रमुख पर्व सुगंध दशमी के अवसर पर जयपुर शहर के 19 दिगंबर जैन मंदिरों में जैन दर्शन और जैन तीर्थंकरों के जीवन चरित्र पर आधारित ज्ञानवर्धक एवं संदेशात्मक झांकियां सजाई गईं। झांकियों को देखने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और देर रात तक जिनालयों के बाहर धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। कई मंदिरों में झांकियों के अवलोकन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भी लगीं।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर की टीमों ने सभी झांकियों का अवलोकन किया। महासभा की ओर से श्रेष्ठ झांकियों को आगामी अक्टूबर माह में समारोह आयोजित कर संभागवार एवं जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन एवं प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि सुगंध दशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने अष्ट कर्मों के नाश की भावना से धूपाणों में अग्नि पर धूप खेई। वहीं विभिन्न जिनालयों में आकर्षक विद्युत सजावट के साथ जैन धर्म के सिद्धांतों, तीर्थंकरों के जीवन प्रसंगों और धार्मिक संदेशों पर आधारित झांकियां सजाई गईं।

सिटी संभाग (चारदीवारी) में मनिहारों का रास्ता स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर बड़ा दीवानजी में महिला जागृति संघ की ओर से ‘टूट गई बेड़ियां भक्तामर के जाप से’ तथा किशनपोल बाजार के आड़कों का रास्ता स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर चंद्रप्रभजी में ‘यूनान में सिकंदर और दिगंबर मुनिराज’ विषय पर झांकी सजाई गई।

जवाहर नगर-मालवीय नगर संभाग में सिद्धार्थ नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर महावीर स्वामी (खंडाकान) में ‘तीर्थ रक्षा से धर्म रक्षा’, जवाहर नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘बिखरते संस्कार-टूटते परिवार’, आदर्श नगर के श्री मुल्तान दिगंबर जैन मंदिर में ‘सम्यक दृष्टि की अंतरंग और बहिरंग दशा’, बापूनगर स्थित टोडरमल स्मारक में ‘पंडित टोडरमल-बलिदान से ज्ञान तीर्थ तक’ तथा जगतपुरा, तारा नगर विस्तार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘गर्भ से मोक्ष की ओर’ विषय पर सजीव झांकियां सजाई गईं।

मानसरोवर-टोंक रोड संभाग में गोपालपुरा बाईपास स्थित शक्तिनगर के श्री 1008 चंद्रप्रभु पल्लीवाल दिगंबर जैन मंदिर में ‘भगवान महावीर का जन्मोत्सव’, मुहाना मंडी रोड केसर चौराहा स्थित श्री केसरिया पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘विद्याधर से विद्यासागर’ तथा गोपालपुरा बाईपास, मंगल विहार कॉलोनी स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘समवशरण एवं जयपुर के नजदीकी अतिशय क्षेत्रों के दर्शन’ विषय पर झांकियां सजाई गईं।

झोटवाड़ा संभाग में मानसरोवर कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘जैन धर्म पर सच्ची दृढ़ श्रद्धा’, पटेल नगर के श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में ‘अष्टापद कैलाश मानसरोवर’, कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी के श्री 1008 मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘समवशरण की महक एवं सुगंध दशमी’ तथा निर्माण नगर, पार्श्वनाथ कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘प्रगट भये महावीर’ विषय पर झांकियां सजाई गईं।

इसी प्रकार सांगानेर संभाग में चित्रकूट कॉलोनी के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में ‘जैन समाज का धन?’, प्रतापनगर सेक्टर-3 स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘कैलाश पर्वत-सिद्धों का दिव्य लोक’, प्रतापनगर सेक्टर-8 स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘नेमी का वैराग्य’, श्योपुर के श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में ‘वंदना सम्मेद शिखरजी की’ तथा प्रतापनगर सेक्टर-17 स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ‘अनंत सुख की अनंत यात्रा’ विषय पर सजीव झांकियां सजाई गईं।

राजस्थान जैन युवा महासभा के जिला अध्यक्ष संजय पांड्या एवं जिला महामंत्री सुभाष बज ने बताया कि झांकियों के अवलोकन के लिए महासभा की 51 सदस्यीय छह टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने विभिन्न संभागों में झांकियों का अवलोकन कर उनके धार्मिक संदेश, प्रस्तुति एवं ज्ञानवर्धक स्वरूप का जायजा लिया।

अवलोकन टीमों में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन, प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’, जिला महामंत्री सुभाष बज, प्रदेश पदाधिकारी राकेश गोधा, मनीष बैद, अनिल छाबड़ा, धीरज पाटनी, राज कुमार पाटनी, तरुण जैन, महेश बाकलीवाल, डॉ. राजीव जैन, मुकेश कासलीवाल, एडवोकेट महावीर सुरेंद्र जैन सहित महासभा के कई पदाधिकारी शामिल रहे।

राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर की ओर से आगामी 5 अक्टूबर को भट्टारकजी की नसिया में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रेष्ठ झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

रिपोर्ट: विनोद जैन ‘कोटखावदा’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar