Friday, September 18, 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत गौशालाओं में जागरूकता एवं पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित

ऐलनाबाद | शाबाश इंडिया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की विभिन्न गौशालाओं में पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों के दौरान गोपालकों और पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) के लक्षणों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

मंडी डबवाली स्थित श्री गौशाला में आयोजित जागरूकता शिविर की अध्यक्षता नगर परिषद डबवाली के चेयरमैन टेक चंद छाबड़ा ने की। राजकीय पशु चिकित्सालय, डबवाली के पशु चिकित्सक डॉ. तरुण कुमार ने गोपालकों को लंपी स्किन डिजीज के प्रमुख लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

नगर परिषद चेयरमैन टेक चंद छाबड़ा ने पशुपालन विभाग के सुझावों को ध्यान में रखते हुए गौशाला सहित उन सभी वार्डों में, जहां गौवंश की संख्या अधिक है, मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग और कीटनाशक के छिड़काव का आश्वासन दिया। उन्होंने श्री गौशाला में फॉगिंग शुरू करने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए, ताकि लंपी स्किन डिजीज के प्रसार को रोकने में मदद मिल सके।

अभियान के तहत श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला पंजुआना, भरोखां, बुर्ज भंगू, खुईयां मलकाना, बालासर, जोड़ियां, पक्का शहीदां, फतेहपुर नियामत खां, पोहड़का तथा ममेरां कलां में भी पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।

रिपोर्ट: रमेश भार्गव

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar