Wednesday, September 16, 2026

केसरिया पार्श्वनाथ मंदिर में 16 सितंबर से दसलक्षण पर्व का आगाज, होंगे भजन जेमिंग, अंताक्षरी सहित कई धार्मिक आयोजन

जयपुर | शाबाश इंडिया।

जैन समाज के प्रमुख धार्मिक पर्व दसलक्षण महापर्व का शुभारंभ श्री केसरिया पार्श्वनाथ मंदिर, केसर चौराहा, मानसरोवर, जयपुर में 16 सितंबर से धूमधाम के साथ किया जाएगा। पर्व के दौरान मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को धर्म से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय गोधा ने बताया कि दसलक्षण पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में अभिषेक एवं पूजन की विशेष व्यवस्था की गई है। मंत्री विनय जैन ने बताया कि पर्व के दौरान प्रतिदिन णमोकार मंत्र के पाठ के साथ समाज के सदस्यों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम बालाजी पैराडाइस में प्रतिदिन रात 7:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

सांस्कृतिक मंत्री डॉ. विनीत जैन ने बताया कि युवा पीढ़ी और समाज के लोगों को धर्म से जोड़ने के लिए जयपुर शहर में पहली बार व्यापक स्तर पर जैन भजनों पर आधारित भजन जेमिंग एवं अंताक्षरी का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 48 भक्तामर पाठ का मंडल एवं अनुष्ठान, बच्चों को जैन पात्रों के माध्यम से जैन धर्म को जानने और समझने का अवसर, भव्य संगीतमय हाउजी तथा धार्मिक भजनों पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।

कोषाध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने बताया कि सुगंध दशमी के पावन अवसर पर 21 सितंबर 2026 को मंदिर प्रांगण में ‘विद्याधर से विद्यासागर’ विषय पर भव्य सजीव झांकी प्रस्तुत की जाएगी।

समिति के संजय बड़जात्या एवं भागचंद गोधा ने बताया कि अनंत चतुर्दशी एवं पड़वा के अवसर पर मंदिर में सायंकालीन अभिषेक तथा दिन में 24 तीर्थंकर पूजन का आयोजन किया जाएगा।

समिति के प्रदुमन जैन, मनोज गोधा, रमेश सेठी, मोहित जैन, मुकेश जैन एवं अनिल जैन ने बताया कि दसलक्षण पर्व के दौरान मंदिर परिसर की विशेष सजावट की जाएगी। विभिन्न कार्यक्रमों में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें चांदी के सिक्के, बच्चों के लिए साइकिल एवं एंटीक गिफ्ट आइटम शामिल हैं।

मंदिर के पूर्व अध्यक्ष महावीर कासलीवाल ने बताया कि जैन भजन जेमिंग का आयोजन जयपुर की उभरती कलाकार प्रिया जैन तथा भक्तामर पाठ एवं अनुष्ठान का आयोजन भजन कलाकार आदि जैन के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए कमलेश जैन, हेमंत जैन, लिटिल जैन, नीलेश, विकास जैन, अश्वनी जैन, आकाश जैन छाबड़ा, उषा बड़जात्या, प्रियंका पाटनी, कविता जैन, सरिता जैन, आकांक्षा जैन, स्वाति जैन, क्षमा जैन, सुरभि जैन, स्वाति सेठी, पंकज जैन, बिट्टू अजमेरा एवं संगीता जैन को संयोजक बनाया गया है। इनके द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।

श्री केसरिया पार्श्वनाथ समिति ने समस्त जैन समाज से आग्रह किया है कि दसलक्षण पर्व के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाएं और धर्म लाभ प्राप्त करें।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar