
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
झीलों की नगरी उदयपुर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांड विनफास्ट ने फतेहपुरा-पुला रोड पर अपने नए शोरूम की शुरुआत के साथ शहर में औपचारिक प्रवेश किया। शोरूम का उद्घाटन विनफास्ट इंडिया के डिप्टी सीईओ सुदीप्तो घोष के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में ऑटोमोबाइल, व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्राहक एवं शहरवासी मौजूद रहे।
शोरूम शुभारंभ के पहले ही दिन पांच ग्राहकों को नई विनफास्ट इलेक्ट्रिक कारों की चाबियां सौंपी गईं। इन डिलीवरी के साथ ग्राहकों ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में अपने नए सफर की शुरुआत की। कंपनी प्रतिनिधियों ने इसे उदयपुर और मेवाड़ क्षेत्र में प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत बताया।
विनफास्ट के अधिकृत डीलर दक्ष मोबिलिटी एलएलपी के मैनेजिंग पार्टनर विकास श्रीमाली ने बताया कि नए शोरूम में ग्राहकों को वाहनों की विस्तृत जानकारी, फीचर्स की जानकारी, टेस्ट ड्राइव, बुकिंग और डिलीवरी जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। वहीं सुखेर क्षेत्र में कंपनी की समर्पित वर्कशॉप स्थापित की गई है, जहां ग्राहकों को सर्विस और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा।
उदयपुर में कंपनी ने अपने प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी पोर्टफोलियो में वीएफ 6 और वीएफ 7 को प्रमुखता से पेश किया है। आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन और प्रीमियम फीचर्स को इन मॉडलों की प्रमुख विशेषताओं के रूप में बताया गया। कंपनी के अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो में परिवारों को ध्यान में रखकर विकसित एमपीवी 7 जैसे मॉडल भी शामिल हैं।
भारत में दीर्घकालीन विस्तार योजना के तहत तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित विनफास्ट ईवी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में शुरुआती स्तर पर वीएफ 6 और वीएफ 7 की सीकेडी असेंबली पर फोकस किया जा रहा है।
शोरूम शुभारंभ के अवसर पर कंपनी ने सीमित अवधि का विशेष ऑफर भी घोषित किया है। 24 सितंबर 2026 तक नई विनफास्ट कार बुक कराने वाले ग्राहकों को दो ग्राम का गोल्ड कॉइन उपहार में दिया जाएगा। दक्ष मोबिलिटी का लक्ष्य उदयपुर और मेवाड़ क्षेत्र के ग्राहकों को आधुनिक ईवी तकनीक के साथ विश्वसनीय सर्विस और बेहतर ग्राहक अनुभव उपलब्ध कराना है।
रिपोर्ट/फोटो: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


