
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
जांगिड़ समाज की महिलाओं ने रविवार को सामाजिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और प्रतिभा प्रोत्साहन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा की जिला सभा उदयपुर के महिला प्रकोष्ठ की ओर से चित्रकूट नगर स्थित विश्वकर्मा विकास संस्थान भवन में ‘इन्द्रधनुष सखि-संगम-सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष माधवी शर्मा के सान्निध्य में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय जांगिड़ महासभा राजस्थान प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की महामंत्री शारदा शर्मा, जयपुर तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष सावित्री शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित किया। मित्रा शर्मा ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए खेलकूद, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजन का विशेष आकर्षण महिला स्वरोजगार को समर्पित प्रदर्शनी रही, जिसमें समाज की महिलाओं ने अपने द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया। शिवानी शर्मा ने हस्तनिर्मित खुशबूदार इत्र, पूर्वी शर्मा ने पेंटिंग्स एवं कढ़ाईयुक्त वस्त्र प्रस्तुत किए। आरती शर्मा ने वास्तु एवं अंकशास्त्र से संबंधित जानकारी दी, जबकि प्रेरित शर्मा ने व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
समारोह में शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले बालक-बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में लक्ष्यराज सुथार, रोहन सुथार और गर्वित शर्मा को पुरस्कृत किया गया। सीएस में ऑल इंडिया रैंक हासिल करने पर विधि सुथार, जेईई उत्तीर्ण करने पर धैर्या तथा एमबीबीएस पूर्ण करने पर डॉ. हार्दिका शर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
कोटा से आई महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष पारस शर्मा एवं उनकी कार्यकारिणी की सदस्याओं का भी विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रेखा शर्मा एवं टीम के सामूहिक नृत्य, सरोज शर्मा के लोकनृत्य तथा गायत्री शर्मा और मित्रा की युगल प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। भजन, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी और अंताक्षरी ने भी कार्यक्रम में उत्साह और मनोरंजन का रंग भर दिया।
कार्यक्रम का संचालन अनुराधा सुथार ने किया, जबकि संयोजक प्रमिला ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नारायण लाल शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. जयंत शर्मा, महामंत्री विपिन शर्मा, कोषाध्यक्ष दयाशंकर देपड़ा, जांगिड़ विकास संस्था अध्यक्ष भैरूलाल सुथार, महामंत्री देवकृष्ण शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: ज्योति शर्मा


