Tuesday, September 8, 2026

शिक्षा और इतिहास के साधकों का सम्मान, ‘भारतवर्ष जगद्गुरू’ पुस्तक का विमोचन

Oplus_131072

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

शिक्षक केवल ज्ञान का संचार ही नहीं करता, बल्कि समाज की वैचारिक दिशा तय करने और नई पीढ़ी को संस्कार, दृष्टि एवं चिंतन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी भावना के साथ शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में तक्षशिला विद्यापीठ संस्थान एवं ग्लोबल हिस्ट्री फोरम के संयुक्त तत्वावधान में यू. एस. ओस्तवाल एज्यूकेशन सोसायटी, मंगलवाड़ के सभागार में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं इतिहासकारों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता इतिहासकार, तक्षशिला विद्यापीठ संस्थान के निदेशक एवं ग्लोबल हिस्ट्री फोरम के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. जी. एल. मेनारिया ने की। मुख्य अतिथि डिप्लोमेट, थॉट लीडर एवं भारतीय विदेश नीति के सलाहकार प्रो. सिद्धार्थ राजहंस रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में यू. एस. ओस्तवाल एज्यूकेशन सोसायटी के निदेशक प्रो. एम. एल. माण्डोत ने अतिथियों का परिचय कराते हुए स्वागत किया। उन्होंने शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा राष्ट्र और समाज के निर्माण की बुनियाद है।

समारोह में तक्षशिला विद्यापीठ एवं ग्लोबल हिस्ट्री फोरम की चयन समिति द्वारा चयनित देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के इतिहासकारों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में यू. एस. ओस्तवाल एज्यूकेशन सोसायटी, मंगलवाड़ के चेयरमैन उमराव सिंह ओस्तवाल, श्री जैन आदर्श सेवा संस्थान, नोखा, बीकानेर के चेयरमैन ईश्वर चन्द बैद, प्रो. सिद्धार्थ राजहंस, डॉ. रेवन्त विक्रम सिंह, प्रो. एम. एल. माण्डोत, डॉ. जी. एल. मेनारिया, डॉ. श्यामसिंह राजपुरोहित, डॉ. नीलांजन खटुआ, डॉ. कुलशेखर व्यास, डॉ. मीनाक्षी मेनारिया, इतिहासकार सरपाल सिंह अरोड़ा, डॉ. मनोज भटनागर, डॉ. चन्द्रकांत राजपुरोहित, श्यामसुन्दर भट्ट, डॉ. नीतू मेनारिया एवं डॉ. खुशबु सिंघल शामिल रहे।

इस अवसर पर संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘भारतवर्ष जगद्गुरू’ का विमोचन भी किया गया। पुस्तक का संपादन डॉ. जी. एल. मेनारिया ने किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास, ज्ञान परंपरा और शिक्षा के गौरवशाली पक्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

समारोह के अंत में तक्षशिला विद्यापीठ संस्थान के सचिव नवीन मेनारिया ने अतिथियों, शिक्षाविदों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar