
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
भारत विकास परिषद, शाखा उदय की मासिक बैठक एवं वरिष्ठ सम्मान समारोह तुलसी निकेतन विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शाखा के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान कर उनके योगदान एवं अनुभव को नमन किया गया।
बैठक का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष प्रांतीय महासचिव डॉ. मेंघेद्र शर्मा, प्रांतीय पर्यावरण संयोजक संतोष जैन, शाखा अध्यक्ष शरद मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष बी.एल. खमेसरा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. बृजबाला एवं डॉ. ऊषा कुमावत ने वंदे मातरम् का गायन किया।
शाखा अध्यक्ष शरद मंत्री ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि 80 वर्ष का सफर केवल एक अंक नहीं, बल्कि आठ दशकों का जीवंत इतिहास है। ये सभी वरिष्ठजन शाखा के स्तंभ एवं मार्गदर्शक हैं, जिनके अनुभव और सेवाभाव से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में शाखा के 80 वर्ष से अधिक आयु के नौ कर्मवीर सदस्यों एस.के. वेद, सुधा वेद, आर.के. चतुर, उगम चतुर, डॉ. बी.एल. कुमावत, डॉ. बी.एल. हीरावत, एन.एस. खमेसरा, ई.एम.पी. जैन एवं रूपलाल पालीवाल का मेवाड़ी पगड़ी, उपरना, माला एवं शॉल पहनाकर सम्मान किया गया। सभी सम्मानित सदस्यों का जीवन परिचय शाखा के मीडिया प्रभारी सुनील गांग ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं प्रसिद्ध वसीयत सलाहकार डॉ. कला मुणोत ने “वसीयत का महत्व” विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवनकाल में ही वसीयत कर देनी चाहिए, ताकि भविष्य में परिवार के बीच संभावित विवादों से बचा जा सके। महिला सहभागिता संयोजक कुसुम बोर्दिया ने डॉ. कला मुणोत का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव भूपेंद्र व्यास ने किया। इस दौरान अगस्त एवं सितंबर माह में जन्मे सदस्यों के जन्मदिन तथा वैवाहिक वर्षगांठ भी मनाई गई।
कार्यक्रम के अंत में परिषद के पूर्व राष्ट्रीय संरक्षक एस.के. वर्मा की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती शांति वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर शाखा संरक्षक, पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रांतीय पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
सुनील गांग
मीडिया प्रभारी, भारत विकास परिषद उदय


