
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर एम्बिशन किड्स एकेडमी, सांगानेर में 3 सितंबर 2026 को भव्य एवं मनमोहक “भगवान कृष्ण लीला की लाइव झांकी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, आध्यात्म एवं विज्ञान का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ‘शाबाश इंडिया’ के संपादक राकेश गोदीका एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सन्मति के अध्यक्ष तथा प्रमुख समाजसेवी राजेश पाटनी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एम.एल. जैन ‘मणि’ एवं सचिव डॉ. शांति जैन ने अतिथियों का स्वागत किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अलका जैन ने अतिथियों एवं उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए जन्माष्टमी पर्व के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भगवान विष्णु के दशावतार, कालिया मर्दन लीला, गोकुल गांव, श्रीकृष्ण की रास लीला तथा बाल कृष्ण की विभिन्न लीलाओं की सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं “ब्रह्मांड रूप दर्शन 2.0” के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान और आध्यात्म के अद्भुत समन्वय को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान एम्बिशन किड्स एकेडमी के सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष फोटोशूट का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक कृष्ण-राधा एवं पारंपरिक वेशभूषाओं में उत्साहपूर्वक फोटोशूट में भाग लिया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता जैन ने विभिन्न प्रस्तुतियों एवं गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रसंगों को अत्यंत सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथि राजेश पाटनी तथा एएनजे पब्लिकेशन के संपादक एवं प्रमुख समाजसेवी संदीप जैन ने संयुक्त रूप से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं झांकियों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष जैन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा। “कृष्ण लाइव झांकी” ने दर्शकों को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के दर्शन कराने के साथ आस्था, संस्कृति, कला, विज्ञान एवं आध्यात्म के समन्वय का प्रेरणादायी संदेश दिया।


