Wednesday, September 2, 2026

महावीर पब्लिक स्कूल में 13वीं ‘अंतर्विद्यालयी कथक नृत्य प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन

जयपुर | शाबाश इंडिया।

महावीर पब्लिक स्कूल में प्रसिद्ध कथक गुरु स्वर्गीय बाबूलाल जी पाटनी की स्मृति में 13वीं ‘अंतर्विद्यालयी कथक नृत्य प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता महावीर पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित तथा श्रीमती ललिता देवी रामचंद्र कासलीवाल एजुकेशनल एण्डॉवमेंट द्वारा प्रायोजित थी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शिक्षा परिषद् के मानद् मंत्री श्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष श्री महेश काला, संयोजक श्री सुदीप ठोलिया तथा संस्था सदस्य श्री विनोद कोटखावदा एवं श्री रुपिन काला ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रवि जैन (आईएएस, सचिव, स्थानीय स्वशासन विभाग एवं आयुक्त, स्थानीय निकाय निदेशालय, राजस्थान सरकार, जयपुर) का माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर भावभीना स्वागत किया।

प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन, श्रीमती रितु कासलीवाल, श्रीमती मीनाक्षी नायर एवं श्रीमती सुरभि गोधा ने विशेष प्रस्तुतिकर्ता श्रीमती मनस्विनी शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। श्रीमती मनस्विनी शर्मा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जयपुर घराने की प्रसिद्ध नृत्यांगना हैं तथा प्रसिद्ध कथक गुरु श्री गिरधारी महाराज एवं वर्तमान गुरु श्रीमती प्रेरणा श्रीमाली की शिष्या हैं। इसी क्रम में निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. गीता रघुवीर, श्रीमती वर्तिका तिवारी, डॉ. रेखा ठाकर एवं श्रीमती अदिति सोगानी का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।

प्रतियोगिता में शहर के 10 प्रमुख विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मानद् मंत्री श्री सुनील बख्शी ने मुख्य अतिथि, विशेष प्रस्तुतिकर्ता, निर्णायक मंडल तथा कथक गुरु स्वर्गीय बाबूलाल जी पाटनी का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों एवं गणमान्यजनों का स्वागत किया।

श्रीमती सुरभि गोधा ने श्रीमती ललिता देवी कासलीवाल के प्रभावपूर्ण एवं प्रेरणादायी जीवन-परिचय से सभी को अवगत कराया। इसके पश्चात राष्ट्रस्तरीय ख्याति प्राप्त कथक कलाकार डॉ. गीता रघुवीर ने मनमोहक गणेश वंदना प्रस्तुत की। विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, कृष्ण वंदना, गणेश वंदना, शिव तांडव, श्यामा वंदना एवं नटवर नृत्य सहित विविध कथक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। भावपूर्ण एवं मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विशेष प्रस्तुतिकर्ता श्रीमती मनस्विनी शर्मा की उत्कृष्ट कथक प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। उनकी अद्भुत भावाभिव्यक्ति, पद संचालन, लय-ताल एवं नृत्य की शास्त्रीय गरिमा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। एनजीओ मुस्कान द्वारा ₹15,000 का ‘दूर्वा भसीन मेमोरियल पुरस्कार’ एवं ट्रॉफी प्रथम विजेता जय श्री पेरीवाल हाई स्कूल को प्रदान की गई। श्रीमती मीनाक्षी नायर द्वारा ₹15,000 का ‘गुरु अवार्ड’ भी प्रथम विजेता जय श्री पेरीवाल हाई स्कूल को प्रदान किया गया।

श्रीमती ललिता देवी रामचंद्र कासलीवाल एजुकेशनल एण्डॉवमेंट के ट्रस्टी श्री सुधांशु कासलीवाल की ओर से ₹7,500 का द्वितीय पुरस्कार एवं ट्रॉफी महेश्वरी गर्ल्स स्कूल को, ₹5,000 का तृतीय पुरस्कार एवं ट्रॉफी महावीर पब्लिक स्कूल को तथा ₹3,100 का सांत्वना पुरस्कार एवं ट्रॉफी भारतीय विद्या भवन को प्रदान किया गया।

डॉ. गीता रघुवीर द्वारा ₹5,100 का ‘बेस्ट भावाभिव्यक्ति पुरस्कार’ एवं ट्रॉफी जयपुरिया हाई स्कूल को प्रदान किया गया, जबकि श्रीमती सुरभि गोधा द्वारा ₹5,100 का ‘बेस्ट कॉस्ट्यूम अवार्ड’ एवं ट्रॉफी महावीर पब्लिक स्कूल को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त श्री सुधांशु कासलीवाल की ओर से सभी प्रतिभागियों को ₹2,100 के प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्साह एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री रवि जैन ने भगवान महावीर स्वामी एवं स्वर्गीय बाबूलाल जी पाटनी को नमन करते हुए भारतीय संस्कृति के प्राणस्वरूप कथक नृत्य की समृद्ध परंपरा की सराहना की। उन्होंने युवा पीढ़ी से इस गौरवशाली कला-परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया तथा सभी विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय संयोजक श्री सुदीप ठोलिया ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर शहर के अनेक प्रसिद्ध कलाकार, कला-प्रेमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्था सदस्यों एवं प्राचार्या द्वारा मुख्य अतिथि श्री रवि जैन एवं विशेष प्रस्तुतिकर्ता श्रीमती मनस्विनी शर्मा को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar