Friday, August 28, 2026

एस.एस. जैन सुबोध पीजी महाविद्यालय में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सुना ‘माय भारत खेलो इंडिया संवाद’

जयपुर | शाबाश इंडिया।

युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी—मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महाविद्यालय, रामबाग, जयपुर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘माय भारत खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम से जुड़े और प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘माय भारत खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर श्री विनोद लोढ़ा, संयुक्त सचिव, सुबोध शिक्षा समिति, श्री विनय चंद डागा, संयोजक, सुबोध कॉलेज एवं प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी, प्राचार्य, सुबोध पीजी कॉलेज ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं के धैर्य, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है और गांव-गांव की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध हो रहा है। खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘माय भारत’ डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को कौशल विकास, नेतृत्व और नागरिक सहभागिता के अवसर प्रदान कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागी बना रहा है। राजस्थान में भी युवाओं को खेल, कौशल विकास, रोजगार और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेलों के विकास के लिए स्थापित खेलो इंडिया केंद्रों, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा खिलाड़ियों को दी जा रही प्रोत्साहन एवं सहायता राशि का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी रुचि के क्षेत्रों में मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें। सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, जयपुर शहर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा एवं अन्य गणमान्यजन सहित खेल जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar