
जयपुर। मुनी सुब्रतनाथ दिगंबर जैन महिला मंडल के तत्वावधान में सावन मास के पावन अवसर पर सामुदायिक केंद्र में लहरिया उत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया।
महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मीना गोधा एवं मंत्री श्रीमती राखी बड़जात्या ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सभी महिलाओं के तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुआ।
श्रीमती पदमा पपड़ीवाला ने फीता काटकर, श्रीमती सोनल ने चित्र अनावरण तथा श्रीमती शोभा सेठी ने मंगल दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद श्रीमती आरती गोधा एवं कृतिका पपड़ीवाला ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक ने भी सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण हाउजी एवं लहरिया क्वीन कैटवॉक रहे। कैटवॉक में श्रीमती आरती को लहरिया क्वीन के खिताब से नवाजा गया।
उत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक लहरिया परिधानों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर महिला मंडल की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समाज की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
अंत में महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मीना गोधा ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज की महिलाओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


