
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, वैशाली नगर, जयपुर के श्रीमती भक्तामर ग्रुप का मासिक भक्तामर पाठ चार वर्षों की निरंतर धर्म साधना के बाद अपनी 48वीं कड़ी पूरी कर चुका है। सितंबर 2022 में शुरू हुई इस अनूठी धार्मिक यात्रा के अंतर्गत ग्रुप के 16 सदस्यों ने जयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों एवं कस्बों के 48 अलग-अलग जिनालयों में भक्तामर पाठ कर जिनभक्ति की मिसाल कायम की है।
आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के आशीर्वाद एवं प्रेरणा से स्थापित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, वैशाली नगर के श्रीमती भक्तामर ग्रुप ने सितंबर 2022 में सांगानेर स्थित संघीजी के मंदिर से इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद प्रत्येक माह अलग-अलग जिनालय में भक्तामर पाठ करने के साथ आसपास स्थित अन्य जिनालयों के दर्शन का क्रम भी निरंतर जारी रहा।

सितंबर से दिसंबर 2022 तक सांगानेर संघीजी का मंदिर, चूलगिरी जैन मंदिर, बैनाड जैन मंदिर एवं नारैली सहित विभिन्न जिनालयों में भक्तामर पाठ किया गया।
वर्ष 2023 में आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, मीरा मार्ग मानसरोवर, नेवटा, श्री महावीरजी, जग्गा जी की बावड़ी, इन्द्रगढ़, आमेर, अम्बाबाड़ी और सोनागिरिजी सहित अनेक स्थानों पर भक्तामर पाठ हुआ। सितंबर 2023 से नया राउंड प्रारंभ करते हुए मंगलम सिटी कालवाड़ रोड, पदमपुरा, भट्टारक जी की नसियां एवं खोजों का मंदिर, सिवाड़ में भी पाठ किया गया।
वर्ष 2024 में सूथड़ा अतिशय क्षेत्र, मौजमाबाद, सरवाड़, डीसीएम मंदिर, नेमी सागर, पद्मावती कॉलोनी, राधा विहार, हस्तेड़ा-रेवासा-सुमति धाम, विवेक विहार, वैशाली नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, सांगानेर संघीजी का मंदिर एवं वासुपूज्य मंदिर, निवारू रोड सहित विभिन्न स्थान इस धर्मयात्रा के साक्षी बने।
वर्ष 2025 में मालपुरा-डिग्गी, मोतीसिंह भोमियों का रास्ता, कालाडेरा, लालजी सांड का रास्ता, श्याम नगर, धाबास, अजमेर, निर्माण नगर, झोटवाड़ा, ख्वासजी का रास्ता, चाकसू, कोटा, चांदखेड़ी, केशवरायपाटन, रैवासा, सुजानगढ़, लाडनूं एवं अन्य स्थानों पर भक्तामर पाठ किया गया।
जनवरी 2026 में संत सुधा सागर बालिका छात्रावास, सांगानेर में पाठ के साथ इस राउंड का समापन हुआ। फरवरी 2026 से भक्तामर पाठ का नया राउंड प्रारंभ किया गया। मंगलम आनंदा से शुरू हुए इस राउंड में डूंगरसीदास जी का मंदिर, मेघराज जी का मंदिर, श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर दुर्गापुरा, श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर सेक्टर-3 मालवीय नगर तथा जहाजपुर-आंवा सहित विभिन्न स्थानों पर भक्तामर पाठ किया गया।
13 अगस्त 2026 को जोबनेर स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में 48वां मासिक भक्तामर पाठ संपन्न हुआ। जोबनेर में भक्तामर पाठ के बाद हिंगोनिया, करणसर के दो दिगंबर जैन मंदिर, चारण्वास, कांकरा, डांसरोली एवं रेनवाल स्थित जिनालयों के दर्शन भी किए गए।
इस प्रकार सितंबर 2022 से अगस्त 2026 तक 48 महीनों की यह यात्रा 48 अलग-अलग स्थानों पर भक्तामर पाठ की धर्म साधना का प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है। प्रत्येक माह एक नए जिनालय में भक्तामर पाठ करने और साथ ही अन्य जिनालयों के दर्शन करने का यह क्रम सदस्यों की नियमितता, श्रद्धा एवं जिनभक्ति को दर्शाता है।
ग्रुप की सदस्य श्रीमती विनीता जैन ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल भक्तामर पाठ करना ही नहीं, बल्कि अधिक से अधिक जिनालयों के दर्शन, सामूहिक धर्माराधना तथा नई पीढ़ी को जिनभक्ति से जोड़ना भी है। चार वर्षों से बिना किसी व्यवधान के जारी यह धार्मिक यात्रा आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प है।
भक्तामर ग्रुप के सदस्यों में विनीता जैन, संतोष पाटनी, सुधा छाबड़ा, मुन्नी काला, बीना बक्षी, ममता जैन, निर्मल ठोलिया, अनीता जैन, प्रेमलता जैन, नेहा जैन, लता बाकलीवाल, सीमा गंगवाल, रेनू पाटनी, रचना बाकलीवाल, शशि जैन एवं मंजू कासलीवाल शामिल हैं।


