
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जैन सोशल ग्रुप्स फेडरेशन के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नॉर्दर्न रीजन की ओर से 16 से 23 अगस्त 2026 तक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नॉर्दर्न रीजन के 38 ग्रुप्स एवं 11 संगिनी फोरम के सहयोग से 315 से अधिक सेवा कार्य किए जाएंगे।
जैन सोशल ग्रुप्स फेडरेशन की स्थापना 17 अगस्त 1980 को हुई थी। यह जैन समुदाय के विभिन्न घटकों, दिगंबर एवं श्वेतांबर, के सदस्यों को एक साथ जोड़ने वाली संस्था है। संस्था के विश्वभर में 10 रीजन एवं करीब 400 ग्रुप्स हैं, जिनमें लगभग 65 हजार दंपति सदस्य हैं। नॉर्दर्न रीजन के संस्थापक इंजी. राकेश कुमार जैन ने बताया कि यह ऐसी संस्था है, जिसमें पति-पत्नी के साथ उनके अविवाहित बच्चे भी सदस्य होते हैं।
वर्तमान रीजन चेयरमैन राजीव पाटनी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाजसेवा के विभिन्न कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करना और सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
रीजन सचिव रविंद्र बिलाला ने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर, नेत्र जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच, कैंसर जागरूकता शिविर, सीपीआर जागरूकता शिविर, नेत्रदान एवं अंगदान के लिए प्रेरणा शिविर सहित अनेक सेवा कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा असहाय एवं निशक्तजनों को भोजन, गौसेवा, पक्षी सेवा, यातायात जागरूकता अभियान, वृद्धजन सेवा, अनाथ आश्रम, बालिका आश्रम, कुष्ठाश्रम एवं वृद्धाश्रम में सेवा कार्य किए जाएंगे। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की फीस, कॉपी-किताबें, स्टेशनरी एवं बैग आदि का वितरण, स्कूलों में उपयोगी सामग्री उपलब्ध करवाना, निर्धन बच्चों की स्कूल फीस में सहयोग, नेत्रहीन विद्यालय एवं मदर टेरेसा होम में सेवा कार्य तथा जरूरतमंदों को वस्त्र वितरण जैसे अनेक कार्य भी किए जाएंगे।
इन सभी सेवा कार्यों की जानकारी एकत्रित करने एवं उनके समन्वय के लिए नॉर्दर्न रीजन के पूर्व चेयरमैन मनीष झंझरी के नेतृत्व में सेवा सप्ताह कमेटी का गठन किया गया है। इसमें रीजन कोऑर्डिनेटर प्रेम कुमार सिंघवी एवं सुनील पहाड़िया, कन्वीनर महेंद्र पाटनी, अक्षय जैन मोदी, दीपेश छाबड़ा एवं हरीश चौधरी तथा कोऑर्डिनेटर अमरचंद जैन, महावीर सेठी एवं अक्षय जैन लालवानी सहित नॉर्दर्न रीजन टीम सेवा कार्यों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सेवा सप्ताह के तहत रविवार, 16 अगस्त को जैन सोशल ग्रुप गोल्ड के आतिथ्य में ‘वतन के तराने’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं सोमवार, 17 अगस्त को फेडरेशन के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर नॉर्दर्न रीजन के सभी ग्रुप्स एवं संगिनी फोरम के सहयोग से झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सेवा सप्ताह के दौरान होने वाले सभी सेवा कार्यों का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग, मानवता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। फेडरेशन से जुड़े सदस्य इस सेवा अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करेंगे।


