
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद के तत्वावधान में संचालित पद्मावती पब्लिक स्कूल, मानसरोवर में फ्रेंडशिप डे के अवसर पर पुलिस आयुक्तालय, जयपुर के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों को फ्रेंडशिप बैंड बांधकर सम्मान, विश्वास और सुरक्षा का संदेश दिया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग तथा आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में सतर्क रहने और बिना संकोच पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता जैन ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति सजगता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे यहां प्राप्त जानकारी को अपने परिवार और समाज तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान, सुरक्षा एवं जागरूक समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प तथा पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।


