
जयपुर | शाबाश इंडिया।
संस्कृति युवा संस्था की ओर से प्रदेश का प्रतिष्ठित ‘राजस्थान गौरव सम्मान समारोह’ होटल आईटीसी राजपूताना शैरेटन में भव्य रूप से आयोजित किया गया। संस्था के 31वें आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की 31 विभूतियों को ‘राजस्थान गौरव’ सम्मान से अलंकृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि प्रदेश की प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि संस्कृति युवा संस्था पिछले 31 वर्षों से राजस्थान की विभूतियों को सम्मानित कर युवाओं को प्रेरित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा सम्मानित सभी प्रतिभाएं अपने कार्यों से राजस्थान का गौरव बढ़ा रही हैं।
संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि व्यक्तित्व का सम्मान समाज का दायित्व है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है और युवा पीढ़ी को उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सदैव प्रतिभाओं का सम्मान करने वाली कर्मभूमि रहा है।
संस्था के मुख्य संरक्षक एडवोकेट एच.सी. गणेशिया ने संस्था द्वारा भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं युवाओं को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति के मोह से बाहर निकलकर भारतीय संस्कृति का संवाहक बनना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक सौम्यता मिश्रा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्कृति युवा संस्था पिछले 16 वर्षों से देश की सबसे बड़ी मैराथन का आयोजन कर रही है, जिसमें इस वर्ष 1.25 लाख धावकों ने भाग लेकर नया रिकॉर्ड बनाया। संस्था लंदन की पार्लियामेंट, फ्रांस की सीनेट और संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी ‘भारत गौरव सम्मान’ जैसे आयोजन कर चुकी है। इसके साथ ही नवसंवत्सर उत्सव, वर्ल्ड हेल्थ फेस्टिवल और ‘दारू नहीं, दूध से नववर्ष’ जैसे अभियान भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
संरक्षक गोविन्द पारीक ने बताया कि राजस्थान गौरव सम्मान के चयन में संस्था ने हमेशा पारदर्शिता बनाए रखी है। इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 31 हस्तियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में स्थानीय स्वशासन विभाग के सचिव रवि जैन (आईएएस), पूर्व डीजीपी एवं विधायक डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया, भारतीय सेना की प्रथम महिला एडीसी मेजर नव्या शेखावत, सुनील अग्रवाल, जितेन्द्र डूडी (आईएएस), कमर उल जमान चौधरी (आईएएस) सहित चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन, उद्योग, समाजसेवा, न्याय, व्यवसाय एवं अन्य क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों को ‘राजस्थान गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रदेश महासचिव सुनील कुमार जैन एवं प्रदेशाध्यक्ष गौरव धामाणी ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में संरक्षक गोविन्द पारीक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।


