
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रभात नगर, सेक्टर-5 स्थित शीतला माता पार्क में योग, यज्ञ और गुरु वंदना का सुंदर संगम देखने को मिला। योग से तन-मन की शुद्धि, यज्ञ से वातावरण की पवित्रता और गुरु के प्रति कृतज्ञता की भावना के साथ पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर विश्व कल्याण, सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की।
योगाचार्य एवं संवाद प्रभारी जिग्नेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। राजकुमार गुप्ता ने आगंतुक साधकों का तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं जयमाला व्यास, सुलोचना नेगी एवं ममता नेगी द्वारा आकर्षक रंगोली सजाकर आयोजन को उत्सवी स्वरूप प्रदान किया गया।
वैदिक पुरोहित सरला गुप्ता ने मंत्रों के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। दुर्गा-योगेश जैन, सरिता-अनूप सोनी तथा शशिप्रभा-जमनाशंकर पाराशर ने सपत्नीक यज्ञ में आहुतियां दीं। उपस्थित साधकों ने भी सुख, शांति और विश्व कल्याण की भावना के साथ यज्ञ में आहुति अर्पित की।
समारोह का मुख्य आकर्षण उदयपुर के वरिष्ठ योग शिक्षक मुकेश पाठक का सम्मान रहा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर योग क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वैद्य शोभालाल औदीच्य ने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए ऋतुचर्या के अनुसार खान-पान अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने पंचामृत एवं पंजीरी बनाने की विधि तथा उनके स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी भी दी।
जिला कोष प्रभारी हरीश चौधरी एवं सह जिला कोष प्रभारी अरविंद बापना के आह्वान पर साधकों ने स्वेच्छा से गुरु दक्षिणा समर्पित की।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं लक्ष्मी शर्मा एवं हंसा चौहान के मार्गदर्शन में स्थानीय योग कक्षा के साधकों ने संभालीं। आयोजन में हीराल सुथार, नरेश पालीवाल, हीरालाल सेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी मोहन सिंह शक्तावत ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस के अवसर पर ‘जड़ी-बूटी दिवस’ मनाया जाएगा।
रिपोर्ट/फोटो: यौवंतराज माहेश्वरी


