
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्री महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद के तत्वावधान में पद्मावती पब्लिक स्कूल, मानसरोवर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं आशीर्वाद के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य, भाषण, गीत एवं कविता की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता जैन ने विद्यार्थियों को गुरु के महत्व एवं जीवन में उनके मार्गदर्शन की भूमिका के बारे में प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं।
विद्यालय अध्यक्ष श्री उमरावमल सांघी एवं कोषाध्यक्ष श्री महेश कला ने भी विद्यार्थियों को गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर एवं तिलक लगाकर उनका सम्मान किया। पूरे आयोजन में गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा, संस्कारों और सम्मान की सुंदर झलक देखने को मिली।


