
जयपुर | शाबाश इंडिया।
अष्टान्हिका महापर्व के पावन अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर, महावीर नगर में चरित्र शुद्धि विधान का भव्य एवं धर्ममय आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ जारी है। 21 जुलाई से प्रारंभ हुआ यह विधान प्रतिदिन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो रहा है।
विधान का संचालन एवं मार्गदर्शन प्रख्यात विद्वान पंडित श्री राजेश गंगवाल के सान्निध्य में किया जा रहा है। विधान में लगभग 50 महिलाएँ श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सहभागिता कर आत्मशुद्धि, संयम एवं धर्माराधना का लाभ प्राप्त कर रही हैं।
विधान के माध्यम से आत्मशुद्धि, सदाचार, संयम एवं आध्यात्मिक उन्नति का संदेश दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन मंत्रोच्चार, पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
मंदिर कार्यकारिणी समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अष्टान्हिका महापर्व के इस पुण्य अवसर पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर चरित्र शुद्धि विधान, धर्माराधना एवं पूजन का लाभ लेने की अपील की है।


